अक्षय तृतीया (19 अप्रैल 2026) के पावन अवसर पर कृष्णा मिश्रा ‘गुरुजी’ ने उज्जैन के चरक अस्पताल और इंदौर के एमटीएच हॉस्पिटल में विशेष सेवा कार्य किया। यह आयोजन ‘प्रसव दिवस’ के रूप में लगातार छठे वर्ष मनाया गया, जो अब एक प्रेरणादायक परंपरा बन चुका है।
माताओं को पोषण सामग्री भेंट
कार्यक्रम के दौरान गुरुजी ने अस्पताल में जन्मे नवजात शिशुओं के चरण स्पर्श कर उनसे आशीर्वाद लिया। नवजातों को बेबी किट और प्रसव से गुजरी माताओं को शरीर की जरूरत के अनुसार ड्राई फ्रूट के लड्डू भेंट किए गए, जिससे उनका सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।
गुरुजी बोले- हर नवजीवन में है दिव्यता
इस अवसर पर कृष्णा गुरुजी ने कहा, “जिस दिन भगवान के अवतार हुए हों, उस दिन जन्म लेने वाले ये शिशु भी निश्चित ही समाज में दिव्यता का संचार करेंगे। हर नवजीवन को सम्मान और अपनापन मिलना चाहिए।”
उज्जैन में डॉक्टर और लोगों ने सराहा प्रयास
उज्जैन में चरक अस्पताल में डॉ. कल्पना पवार और उनकी टीम ने गुरुजी का स्वागत किया। डॉ. पवार ने कहा कि यह उनका पहला वर्ष है, लेकिन त्योहारों को सेवा से जोड़कर नवजातों और माताओं की जरूरतों को पूरा करना एक अनुकरणीय पहल है। वहीं राकेश बजाज ने कहा कि वे हर वर्ष गुरुजी के आग्रह पर इस कार्यक्रम में शामिल होते हैं। उनके अनुसार, “सनातन धर्म की परंपरा को वर्तमान सेवा से जोड़ने का यह कार्य अद्भुत है और युवा पीढ़ी भी इससे प्रेरित हो रही है।”
ये भी पढ़ें- MP News: महिला आरक्षण पर कल आक्रोश रैली, विस का एक दिवसीय सत्र होगा; CM बोले-नारी के अपमान को देश नहीं भूलेगा
इंदौर में भी हुआ आयोजन, अस्पताल प्रबंधन ने की सराहना
इंदौर के एमटीएच हॉस्पिटल में भी इसी तरह का आयोजन किया गया। अस्पताल के एडमिनिस्ट्रेटर अमित जी ने कहा कि वे पिछले छह वर्षों से इस आयोजन को देख रहे हैं और त्योहारों को सेवा से जोड़ने की यह पहल बेहद सराहनीय है, जो माताओं और नवजातों की वास्तविक जरूरतों को पूरा करती है।
कार्यक्रम के दौरान गुरुजी ने अस्पताल स्टाफ के साथ मिलकर नवजातों से आशीर्वाद लिया और माता-पिता से मिलकर उन्हें समाजसेवा और आध्यात्मिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। यह आयोजन कृष्णा गुरुजी सोशल वेलफेयर सोसायटी द्वारा किया गया, जिसमें सेवा, संवेदना और सनातन मूल्यों का सुंदर समन्वय देखने को मिला। कार्यक्रम में भारती मंडलोई, तृप्ति बजाज, राकेश बजाज, राजेश पंडित, पिंकू यादव और नितेश पटेल सहित कई लोग मौजूद रहे।
