शिवपुरी जिले के बदरवास कस्बे में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक ज्वेलरी कारोबारी ने अपने ही घर में खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में उन्हें पहले बदरवास स्वास्थ्य केंद्र और बाद में गुना जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार 42 वर्षीय संदीप सोनी, पिता जगदीश सोनी, बदरवास कस्बे में ज्वेलरी का व्यवसाय करते थे। गुरुवार दोपहर उन्होंने अपने घर के कमरे में पिस्टल से सिर में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही परिजन घबरा गए और कमरे की ओर दौड़े, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां संदीप खून से लथपथ हालत में पड़े मिले।
घायल अवस्था में उन्हें तत्काल बदरवास स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर गुना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गुना पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है और आसपास के लोग भी स्तब्ध हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस पिस्टल से गोली चलाई गई, वह अवैध हो सकती है। हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
ये भी पढ़ें- खराब मौसम से जबलपुर के बरगी डैम में क्रूज डूबा, पांच लोगों के शव निकाले, 15 की तलाश जारी
सूत्रों के अनुसार संदीप सोनी हाल ही में आईपीएल सट्टे में बड़ी रकम हार गए थे, जिसके चलते वे मानसिक तनाव में थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के कारण उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि पुलिस ने इस कारण की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।
बदरवास थाना प्रभारी एसआई शिखा तिवारी ने बताया कि परिजन संदीप को इलाज के लिए गुना ले गए थे, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। यह घटना न सिर्फ एक परिवार के लिए दुखद है, बल्कि समाज में बढ़ते मानसिक तनाव और अवैध गतिविधियों के खतरनाक प्रभाव की ओर भी संकेत करती है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
