ग्वालियर में एलिवेटेड रोड निर्माण के कारण 19 जून से फूलबाग-गुरुद्वारा मार्ग दो महीने बंद रहेगा। ट्रैफिक डायवर्जन लागू होगा, जिससे जाम बढ़ने और यात्रिय …और पढ़ें

HighLights
- फूलबाग से गुरुद्वारा मार्ग दो महीने रहेगा बंद।
- एलिवेटेड रोड निर्माण के लिए ट्रैफिक डायवर्जन लागू होगा।
- मोती तबेला और पड़ाव क्षेत्र में बढ़ेगा दबाव।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य के लिए अब 19 जून से आगामी दो माह तक एक बार फिर फूलबाग से गुरुद्वारा तक दोनों ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। ट्रैफिक पुलिस द्वारा एडवाइजरी जारी कर दी गई है।
अब फिर से मोती तबेला से मोतीमहल, एलआइसी तिराहा से पड़ाव आरओबी तक यातायात का दबाव बढ़ेगा। आम लोगों को परेशानी होगी। फूलबाग से गुरुद्वारा और डीडी माल के सामने से मार्कंडेश्वर मंदिर की तरफ जाने वाले वाहन वैकल्पिक रास्तों से जाएंगे।
यहां संकरे रास्ते, सड़क पर चाट के ठेले….इसे हटवाने की जिम्मेदारी भी ट्रैफिक पुलिस की
मोती तबेला की ओर से संकट मोचन हनुमान मंदिर के पास तक सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से हाथ ठेले, सड़क पर वाहन खड़े होते हैं। दुकानों के बाहर फुटपाथ पर टेबल-कुर्सी साठगांठ से लगी है। इसके चलते सड़क पर गाड़ियां खड़ी करनी पड़ती है। आधी सड़क यहां वाहनों से घिर जाती है। अवैध रूप से दुकानों के पास ठेले खड़े होते हैं। कपड़ों के ठेले भी लगते हैं। यही हालात हाथी गेट तक हैं। यहां संकरा मार्ग है। इसे व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी ट्रैफिक पुलिस की है। सिर्फ ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करने से ही व्यवस्था नहीं बनेगी।
पड़ाव आरओबी का छोर- यहां बाटलनेक, घंटों लगता है जाम
इसी रास्ते में सबसे बड़ी उलझन एलआइसी तिराहा से पड़ाव आरओबी की तरफ जाने वाले रास्ते पर है। पड़ाव आरओबी के इस छोर पर बाटलनेक बनती है। सिर्फ एक तरफ से वाहन आने पर ही यहां जाम लग जाता है। जब दोनों रास्तों का ट्रैफिक इस तरफ डायवर्ट होगा तो और अधिक हालात बिगड़ेंगे, इसलिए यहां ट्रैफिक प्वाइंट भी लगाना होगा। तभी एक-एक ओर से वाहनों को रोककर यातायात सुचारू चल सकता है।
अब खुलेंगे स्कूल….बच्चे होंगे परेशान
ट्रैफिक डायवर्ट उस समय किया जा रहा है, जब दोबारा स्कूल खुलने वाले हैं। एक जुलाई से सभी स्कूल खुल जाते हैं। इस रास्ते से सबसे ज्यादा स्कूली वाहन गुजरते हैं। भीषण गर्मी में बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी होगी।
ऐसे डायवर्ट होगा ट्रैफिक

- फूलबाग से गुरुद्वारा व नदीगेट की तरफ आने वाले वाहन फूलबाग चौराहा से डायवर्ट होंगे। यह वाहन लाल बाल पाल मार्ग से हाथी वाला गेट, मोती तबेला से नदीगेट की तरफ जा सकेंगे।
- पड़ाव पुल से नदीगेट की तरफ आने वाले वाहन एलआइसी तिराहा से मोती महल, मोती तबेला होते हुए नदीगेट जा सकेंगे।
- इंदरगंज, राम मंदिर, छप्परवाला पुल की ओर से फूलबाग जाने वाले वाहन शिंदे की छावनी से गुरुद्वारा से यू-टर्न लेकर मोती तबेला से मोतीमहल होते हुए जा सकेंगे।
- रामदास घाटी से फूलबाग जाने वाले वाहन नौगजा रोड होते हुए जाएंगे।
