सतना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पतेरी स्थित क्रिस्टकुला चौराहे पर सोमवार देर रात गोली चलने की घटना सामने आई है। इस वारदात में एक युवक के पैर में गोली लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
घायल युवक की पहचान राहुल उर्फ अनुराग द्विवेदी (24 वर्ष), निवासी जवाहर नगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह चौराहे के पास मौजूद था, तभी विवाद के दौरान फायरिंग हो गई और गोली उसके पैर में जा लगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चौराहे पर गाड़ी हटाने और रास्ता देने को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में जमकर बहस होने लगी। इसी दौरान एक गुट के व्यक्ति ने कट्टे से फायर कर दिया, जिससे युवक घायल हो गया।
घायल को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल जिला चिकित्सालय भिजवाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में इसे गन शॉट इंजरी बताया है। फिलहाल युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत पर निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस का आधिकारिक बयान
सिविल लाइन थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे डायल-100 पर सूचना प्राप्त हुई थी कि एक युवक घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया उन्होंने बताया कि जब पुलिस ने घायल से बयान लेने की कोशिश की, तब वह बयान देने की स्थिति में नहीं था। ऐसे में आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।
ये भी पढ़ें- Bhopal News: ट्रैक्टर लेकर विधानसभा पहुंचे कांग्रेस विधायक, पुलिस ने रोका, झड़प के बाद गेहूं लेकर सदन पहुंचे
एफआईआर की प्रक्रिया और जांच जारी
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दो गुटों के बीच वाहन निकालने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं साथ ही यह भी स्पष्ट किया जा रहा है कि फायरिंग किसने की और घटना में कितने लोग शामिल थे। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
घटना के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा सकते हैं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं। आरोपियों की तलाश जारी है कुल मिलाकर, मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया और गोलीबारी जैसी घटना में बदल गया। अब पुलिस की जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं।
