इंदौर क्राइम ब्रांच ने एक मकान में दबिश देकर दो लोगों को गिरफ्तार किया। दोनों आईपीएल का सट्टा संचालित कर रहे थे। दोनों ही जगदंबा बुक समूह के सदस्य हैं, जो एक स्पेशल सॉफ्टवेयर और एप्लीकेशन की मदद से सट्टे का अवैध कारोबार कर पैसा कमा रहे थे। 

क्राइम ब्रांच से मिली जानकारी के मुताबिक 15 मई की देर रात पुलिस ने रंगवासा स्थित लाभम पार्क के एक मकान में दबिश दी। यहां पर पुलिस को दो युवक मिले, जो फोन, टैबलेट और लैपटॉप पर चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर हार-जीत का दांव लगाकर अवैध रूप से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे।

जगदंबा बुक समूह के संगठित नेटवर्क से जुड़े निकले आरोपी

जब उन्हें पकड़कर पूछताछ की गई तो खुलासा हुआ कि ये दोनों जगदंबा बुक समूह के सदस्य हैं। ये दोनों आरोपी एक संगठित गिरोह का हिस्सा हैं, जो जगदंबा बुक समूह की लाइन से जुड़े हुए थे और अवैध रूप से लोगों से हार-जीत का दांव लगवाते थे। इसके लिए ये एक स्पेशल सॉफ्टवेयर और एप्लीकेशन का इस्तेमाल करते थे। पकड़ाए आरोपियों के नाम रोहित भंडारी (39) निवासी लोकनायक नगर, एयरपोर्ट रोड और अर्जुन गुप्ता (33) निवासी विधुर नगर हवा बंगला है।

हिसाब-किताब के लिए पासवर्ड प्रोटेक्टेड एप्लीकेशन का करते थे इस्तेमाल

आरोपी लैपटॉप में सट्टे का हिसाब-किताब रखने के लिए ‘ACC32’ एप्लीकेशन का इस्तेमाल करते थे, जिसे खोलने के लिए एक पासवर्ड का इस्तेमाल किया जाता था। ऑनलाइन सट्टे का भाव देखने और दांव लगाने के लिए टैबलेट में ‘स्वास्तिक सॉफ्टवेयर’ का उपयोग किया जा रहा था। क्राइम ब्रांच ने इनके पास से 3 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, टैबलेट, पेनड्राइव, नेट के लिए कंपनी का वाई-फाई सहित 3 लाख का माल जब्त किया है। क्राइम ब्रांच ने मामले में दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ कर और भी जानकारी निकाली जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *