केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा के इछावर और भैरूंदा में आयोजित जन-कल्याण शिविरों में शामिल होकर विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि वे सरकार की मंशा पर पलीता लगाने का काम न करें और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जन-कल्याण शिविर केवल औपचारिकता निभाने या नेताओं के स्वागत-सत्कार के लिए नहीं हैं, बल्कि इनका उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पात्र हितग्राहियों के आवेदन छोटी-छोटी कमियों के आधार पर निरस्त न किए जाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंचे।
ये भी पढ़ें- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: सीएम मोहन यादव बोले- योग स्वस्थ, जागरूक और विकसित भारत की आधारशिला
हर गरीब को मिलेगा पक्का आवास
केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में हजारों आवेदनों का सर्वे पूरा हो चुका है और पात्र परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि कोई भी गरीब परिवार आवास योजना के लाभ से वंचित नहीं रहेगा। किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए शिवराज ने कहा कि खरीफ सीजन के लिए खाद का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और किसानों को किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को खाद वितरण से जुड़ी तकनीकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश भी दिए।
ये भी पढ़ें- MP News: गो-पालकों को हर माह 1100 रु देगी सरकार, CM ने कहा- कीटनाशक-रासायनिक खाद नुकसानदेह
1 जुलाई से विकसित भारत-जी राम जी की शुरुआत
इस अवसर पर उन्होंने बताया कि क्षेत्र के 36 गांवों में पक्की सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और स्व-सहायता समूहों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि सरकार बहनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 1 जुलाई से शुरू होने वाली विकसित भारत-जी राम जी योजना ग्रामीण विकास के नए अध्याय की शुरुआत करेगी, जिसमें विकास कार्यों की प्राथमिकता ग्राम सभा और पंचायतें तय करेंगी।