रविवार शाम को चली तेज हवा और फिर हुई बारिश के कारण विमान सेवा प्रभावित हुई। जब शहर में ऐसा मौसम था, तब आकाश में बेंगलुरु से आने वाला विमान 20 मिनट तक चक्कर काटता रहा। खराब मौसम के कारण विमान इंदौर में लैंड नहीं कर पा रहा था।
ये खबर भी पढ़ेंः Indore: इंदौर में बारिश ने दी गर्मी से हल्की राहत, रात का तापमान रहा कम, एक दिन पहले सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा था
एटीसी ने विमान को आसमान में चक्कर काटने के निर्देश दिए, लेकिन फ्यूल कम होने के कारण विमान को अहमदाबाद डायवर्ट करना पड़ा। बेंगलुरु से इंदौर आने वाले यात्री इस कारण परेशान हो गए।
शाम को एयर इंडिया की फ्लाइट बेंगलुरु से इंदौर करीब पांच बजे रवाना हुई। विमान को तेज हवाओं का सामना करना पड़ा। पायलट ने एक बार सामान्य लैंडिंग की कोशिश की, लेकिन मौसम अनुकूल न होने के कारण विमान फिर उड़ान भरकर आस-पास चक्कर काटने लगा। अन्य विमानों के लैंड होने का समय भी उसी दौरान था।
फ्यूल कम होने के कारण विमान 20 मिनट तक आसमान में ही चक्कर काट सका। इसके बाद विमान को अहमदाबाद डायवर्ट किया गया। अहमदाबाद में फ्यूल भरा गया। तब तक इंदौर का मौसम साफ होने के संकेत मिल चुके थे और इंदौर के आसपास में दूसरे विमानों का ट्रैफिक भी नहीं था। इसके बाद विमान साढ़े सात बजे इंदौर के लिए उड़ान भरी और रात साढ़े आठ बजे इंदौर पहुंचा। इस देरी के कारण रात में बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट भी देर से उड़ान भर पाई, जिससे यात्री प्रभावित हुए।
