उज्जैन शहर में ठगों ने अब लोगों की आस्था और परिवार की भावनाओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। उज्जैन में दो शातिर युवकों ने एक 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला को उनके बेटों पर संकट और बुरे साये का डर दिखाकर लाखों रुपये के सोने के गहने ठग लिए। घटना के बाद पीड़िता ने माधवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, यह वारदात कलश मोबाइल गैलरी के संचालक कपिल जैन की मां मनोरमा जैन के साथ हुई। बुधवार सुबह करीब 7:57 बजे वह देवास रोड स्थित मूथा निवास से संत शीतलमुनि के दर्शन कर पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान प्रियदर्शिनी चौराहे के पास दो युवक उनके पास पहुंचे।
‘गहनों की वजह से बेटों पर संकट’ कहकर फंसाया
जानकारी के अनुसार दोनों युवकों ने बुजुर्ग महिला से कहा कि उनके गले की सोने की चेन और अंगूठी के कारण उनके बेटों पर अशुभ प्रभाव पड़ रहा है। ठगों ने दावा किया कि यदि तत्काल उपाय नहीं किया गया तो उनके बेटों को गंभीर नुकसान हो सकता है। बेटों की चिंता का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने महिला को गहने उतारने और 51 बार मंत्र जाप करने की सलाह दी। ठगों ने भरोसा दिलाया कि ऐसा करने से सभी संकट दूर हो जाएंगे।
मंत्र जाप करती रहीं, गहने लेकर फरार हुए ठग
बेटों की सुरक्षा की चिंता में मनोरमा जैन ठगों की बातों में आ गईं। उन्होंने अपनी सोने की चेन और अंगूठी उतारकर युवकों को सौंप दी और वहीं आंखें बंद कर मंत्र जाप करने लगीं। कुछ देर बाद जब उन्होंने आंखें खोलीं तो दोनों युवक वहां से गायब हो चुके थे। गहने भी उनके साथ जा चुके थे। ठगी का एहसास होते ही वह घर पहुंचीं और पूरी घटना अपने बेटे कपिल जैन को बताई।
ये भी पढ़ें- मीनाक्षी नटराजन का पर्चा रद्द: कल दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक क्या-क्या हुआ, पूरे मामले को 10 बिंदुओं में समझे
माधवनगर थाने में मामला दर्ज
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन बुजुर्ग महिला को लेकर माधवनगर थाने पहुंचे। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
बुजुर्गों को बना रहे निशाना
पुलिस का कहना है कि शहर में बुजुर्गों को निशाना बनाकर ठगी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अपराधी धार्मिक आस्था, टोना-टोटका, ग्रह-दोष और पारिवारिक संकट जैसी बातों का सहारा लेकर लोगों को झांसे में लेते हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अजनबी की बातों में आकर अपने गहने या कीमती सामान किसी को न सौंपें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।
