उज्जैन के बड़नगर तहसील में अनाज व्यापारियों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 65 वर्षीय व्यापारी की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
टीआई अशोक कुमार पाटीदार के अनुसार, मृतक राजेंद्र कुमार उर्फ राजू (65) पिता सौभागमल लोडा, व्यास कॉलोनी निवासी थे और तुलसी वेयरहाउस के पास अनाज खरीदने का व्यवसाय करते थे। उनकी दुकान के पास ही नीलेश शाह (निवासी सदर) और आदर्श शाह (निवासी ग्राम पलदूना, इंगोरिया) की भी दुकानें संचालित हैं।
शनिवार सुबह करीब 9:15 बजे एक ग्राहक से अनाज खरीदने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि नीलेश शाह और आदर्श शाह ने राजेंद्र कुमार के साथ लात-घूंसे से मारपीट की, जिससे उनकी छाती में गंभीर चोट आई और वे मौके पर ही गिर पड़े।
पढे़ं: एमपी में 2,500 करोड़ का डिफेंस प्लांट होगा स्थापित, युवाओं को मिलेगा रोजगार
मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल गुप्ता अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की पैनल ने पोस्टमार्टम किया।
पुलिस के अनुसार, मृतक और आरोपी दोनों ही क्षेत्र के संपन्न और प्रतिष्ठित परिवारों से संबंध रखते हैं, जिससे मामला संवेदनशील हो गया है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए उज्जैन से डॉक्टरों की टीम द्वारा जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
