केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बुधवार को 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के नतीजे घोषित कर दिए। रिजल्ट जारी होते ही देशभर के लाखों विद्यार्थियों का इंतजार खत्म हो गया, लेकिन भोपाल रीजन का प्रदर्शन इस बार उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। भोपाल रीजन में इस वर्ष केवल 79.43 प्रतिशत विद्यार्थी ही सफल हो सके, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर पास प्रतिशत 85.20 दर्ज किया गया। यानी भोपाल रीजन देश के औसत से 5.77 प्रतिशत पीछे रह गया। मध्य प्रदेश के 80 हजार से ज्यादा छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिनमें भोपाल के 9,399 विद्यार्थी शामिल रहे। इस बार के परिणामों ने शिक्षा जगत में चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि भोपाल रीजन का प्रदर्शन रायपुर, रांची और लखनऊ जैसे कई रीजन से भी कमजोर रहा। विशेषज्ञ मान रहे हैं कि तैयारी, संसाधनों और शैक्षणिक वातावरण का असर नतीजों में साफ दिखाई दिया है।
तिरुवनंतपुरम सबसे आगे, प्रयागराज सबसे पीछे
देशभर में सबसे बेहतर प्रदर्शन तिरुवनंतपुरम रीजन का रहा, जहां 95.62 प्रतिशत छात्र सफल हुए। वहीं प्रयागराज रीजन सबसे कमजोर साबित हुआ और यहां पास प्रतिशत 72.43 दर्ज किया गया। दिल्ली ईस्ट और दिल्ली वेस्ट रीजन ने भी 91 प्रतिशत से अधिक परिणाम हासिल कर बेहतर प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय स्तर पर भी इस बार रिजल्ट में गिरावट दर्ज की गई है। पिछले वर्ष जहां 88.39 प्रतिशत छात्र पास हुए थे, वहीं इस बार यह आंकड़ा घटकर 85.20 प्रतिशत पर पहुंच गया।
यह भी पढ़ें-देर रात सड़कों पर उतरा मुस्लिम समाज, सख्त कार्रवाई की मांग
वेबसाइट और एप पर उपलब्ध रिजल्ट
छात्र सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट, DigiLocker और UMANG एप के जरिए अपना रिजल्ट देख सकते हैं। रोल नंबर, स्कूल नंबर, एडमिट कार्ड आईडी और जन्मतिथि की मदद से मार्कशीट डाउनलोड की जा सकती है। बोर्ड ने ज्यादा ट्रैफिक को देखते हुए डिजिटल प्लेटफॉर्म का विकल्प भी सक्रिय रखा है।
यह भी पढ़ें-MP में बढ़ी तपिश, पारा 46 डिग्री पार, मालवा-निमाड़ सबसे ज्यादा गर्म, 4 दिन तक लू का प्रकोप
फेल छात्रों को मिलेगा सुधार का मौका
एक या अधिक विषयों में असफल छात्रों को कंपार्टमेंट परीक्षा का मौका दिया जाएगा। इससे उनका शैक्षणिक सत्र प्रभावित नहीं होगा। बोर्ड जल्द ही कंपार्टमेंट परीक्षा का शेड्यूल और आवेदन प्रक्रिया जारी करेगा। जो छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वे वेरिफिकेशन, री-इवैल्यूएशन और उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी के लिए आवेदन कर सकेंगे। CBSE जल्द ही इसकी तारीखें घोषित करेगा।