राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा इलाके में एक होटल में मुस्लिम युवक और हिंदू युवती के मिलने के बाद कथित लव जिहाद के आरोप लगाकर युवक की पिटाई किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में मंगलवार को मुस्लिम समाज के लोगों ने शहर काजी के नेतृत्व में पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ताओं ने युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले शब्दों का इस्तेमाल किया। समाज के लोगों ने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
बड़ी संख्या में पहुंचे समाज के लोग
पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे प्रदर्शनकारियों में ऑल इंडिया मुस्लिम त्यौहार कमेटी सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल रहे। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी भी की गई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई गई।मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि युवक के साथ की गई मारपीट अमानवीय है और घटना के दौरान धार्मिक आस्था को लेकर आपत्तिजनक शब्द कहे गए, जिससे समाज में नाराजगी है।
यह भी पढ़ें-75 साल तक के अफसरों के भरोसे निगम, अपने ही नियमों को दरकिनार कर रहा एमपीटी
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गरमा गया है। वीडियो सामने आने के बाद शहर में इस मुद्दे को लेकर बहस तेज हो गई है। घटना के बाद गोविंदपुरा इलाके में तनावपूर्ण माहौल बताया जा रहा है।प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी संगठन कानून हाथ में लेने की कोशिश न करे।
यह भी पढ़ें-भोपाल मंडल से गुजरने वाली कई ट्रेनें रद्द, कुछ केक बदले रूट, 19 मई तक रहेगा असर