राजधानी में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर शनिवार को राजस्व विभाग की टीम ने एफटीएल (फुल टैंक लेवल) से 33 मीटर के दायरे में विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई करते हुए अनाधिकृत निर्माण पर बुलडोजर चला दिए। कार्रवाई में करीब 27 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। अनुविभागीय अधिकारी विनोद सोनकिया के नेतृत्व में तहसीलदार अतुल शर्मा, नायब तहसीलदार शुभम जैन, राकेश पिप्पल, राजस्व निरीक्षकों और पटवारियों की टीम ने ग्राम मेंडोरी और ग्राम बेरखेड़ी बज्याफत में कार्रवाई की।
ये भी पढ़ें- MP News: सांभर को पोहा खिलाने के मामले में सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के प्रभारी सहायक संचालक निलंबित
मेंडोरी में 12 करोड़ की जमीन पर कार्रवाई
ग्राम मेंडोरी स्थित खसरा नंबर 322 और 323 की कुल 1.590 हेक्टेयर भूमि पर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यह भूमि राजस्व अभिलेखों में मुन्तियाज अली के नाम दर्ज है। प्रशासन के अनुसार, राजीव द्विवेदी द्वारा यहां अनधिकृत कॉलोनी बसाई जा रही थी। इस भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य 12 करोड़ रुपये है।
ये भी पढ़ें- MP News: यूसीसी विधेयक का प्रारूप अंतिम चरण में, दिल्ली में हुई बैठक, सरकार को जल्द सौंपी जाएगी रिपोर्ट
बेरखेड़ी बज्याफत में 15 करोड़ की जमीन मुक्त कराई
इसी तरह ग्राम बेरखेड़ी बज्याफत के खसरा नंबर 296 की 1.570 हेक्टेयर भूमि पर भी अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यह भूमि शाहवाज खान के नाम दर्ज है। यहां भी राजीव द्विवेदी द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण को राजस्व विभाग की टीम ने हटाया। इस भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य 15 करोड़ रुपये बताया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध कॉलोनियों और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।