भोपाल-इंदौर बाइपास पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 33 वर्षीय किसान हरीनारायण गुर्जर की मौत हो गई। हरीनारायण सोमवती अमावस्या पर नर्मदा स्नान के लिए बाइक से नर्मदापुरम जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बैरसिया रोड स्थित देवबरखेड़ी गांव निवासी हरीनारायण के परिवार में हाल ही में खुशियों ने दस्तक दी थी। शादी के करीब 10 साल बाद ढाई महीने पहले उनके घर जुड़वा बेटों का जन्म हुआ था। लंबे इंतजार और मन्नतों के बाद संतान सुख मिलने से पूरा परिवार बेहद खुश था, लेकिन इस हादसे ने उनकी खुशियां पलभर में छीन लीं।

पढे़ं:  स्टेशन पर 10 लाख रुपये से भरा सूटकेस गायब, GRP ने तीन घंटे में किया बरामद; अब हो रही तारीफ

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात सोमवती अमावस्या के अवसर पर हरीनारायण पल्सर बाइक से नर्मदा मैया के दर्शन और स्नान के लिए रवाना हुए थे। भोपाल-इंदौर बाइपास पर एक कंटेनर चालक ने लापरवाही से ओवरटेक करते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद हरीनारायण सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ढाई महीने के दोनों मासूम बेटे पिता का साया खो चुके हैं। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और फरार चालक को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *