मुरैना जिले के पहाड़गढ़ क्षेत्र में जनगणना कार्य के दौरान एक शिक्षक पर आवारा कुत्तों के हमले की घटना सामने आई है। घटना कहारपुरा पंचायत की है, जहां प्रगणक के रूप में ड्यूटी कर रहे शिक्षक राम अवतार धाकड़ पर अचानक आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। इस हमले में शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार अवतार धाकड़ जनगणना के लिए घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित कर रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घूम रहे आवारा कुत्तों के झुंड ने उन पर हमला बोल दिया। कुत्तों ने उनके पैर पर कई जगह काट लिया, जिससे वह लहूलुहान हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को भगाकर शिक्षक को बचाया।

ये भी पढ़ें-छात्रा की मौत के 3 महीने बाद हॉस्टल मालिक ने की आत्महत्या, पत्नी बोली- पुलिस पूछताछ और धमकियों से थे परेशान

घायल अवस्था में शिक्षक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़गढ़ पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार किया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कुछ दिनों तक आराम करने की सलाह दी है। घटना की सूचना मिलते ही जनगणना कार्य के सुपरवाइजर मुकेश सरल ने तहसीलदार को पूरे मामले से अवगत कराया। घटना के बाद जनगणना कर्मचारियों में डर और दहशत का माहौल है। कर्मचारियों का कहना है कि गांवों में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे फील्ड में काम करना जोखिम भरा हो गया है।

वहीं ग्रामीणों ने भी प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि पहले भी कई बार आवारा कुत्ते लोगों और बच्चों पर हमला कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *