शिवपुरी जिले के भौंती थाना क्षेत्र में एक किराना व्यापारी को कथित रूप से बंधक बनाकर मारपीट करने और ब्लैकमेल कर एक लाख रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। पीड़ित विशाल सिंह चौहान ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर चार युवकों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
भौंती निवासी विशाल सिंह चौहान के अनुसार, 3 जून की सुबह करीब 4 बजे वह अपनी बाइक से पुराने मकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उप तहसील के पास स्थित पुलिया पर संजू लोधी उर्फ संजू बाबा, सुल्तान खान, जयकुमार उर्फ जैकी लोधी तथा एक अन्य युवक ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि चारों उसे जबरन खर्रेश्वर मंदिर के सामने पारोंच नदी घाट की ओर ले गए।
पीड़ित का आरोप है कि वहां ले जाकर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने उसके कपड़े उतरवाकर निर्वस्त्र अवस्था में वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
विशाल ने बताया कि आरोपियों ने पहले उसके मोबाइल से क्यूआर कोड के माध्यम से 2,500 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद कथित तौर पर कट्टा दिखाकर एक लाख रुपये की मांग की गई। जान से मारने की धमकी देकर आरोपियों ने उसे घर पर फोन करने के लिए मजबूर किया। विशाल ने अपने भाई को फोन कर 20 हजार रुपये भेजने को कहा, जिसे आरोपियों ने अपने कब्जे में ले लिया।
पढे़ं: श्योपुर में वक्फ संपत्तियों को बचाने सड़कों पर उतरा मुस्लिम समाज, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने उसकी बाइक और मोबाइल भी छीन लिए तथा शेष 80 हजार रुपये सुबह 11 बजे तक पहुंचाने का दबाव बनाया। बाद में आरोपी उसके घर पहुंचे और कथित रूप से बाकी रकम लेने के बाद बाइक और मोबाइल लौटा दिए।
विशाल का कहना है कि उसके पास ऑनलाइन लेनदेन के रिकॉर्ड तथा आरोपियों के घर आकर रुपये लेने की वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने और वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी है, जिससे वह और उसका परिवार भयभीत है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ लूट, मारपीट, ब्लैकमेलिंग, धमकी सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज करने, वसूली गई रकम वापस दिलाने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा बैंक लेनदेन और मोबाइल कॉल रिकॉर्ड की भी जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि साक्ष्य मिलने पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विशाल सिंह चौहान अपनी शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे थे। पुलिस ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
