शिवपुरी के सराफा बाजार में एक ज्वेलर्स दुकान पर दो युवकों ने बेहद शातिर तरीके से चोरी की घटना को अंजाम दिया। दोनों आरोपी ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे और सोने की बाली देखने के बहाने दुकानदार को बातों में उलझा लिया। इसी दौरान एक युवक ने मौका पाकर ट्रे में रखी सोने की बाली चुरा ली और उसकी जगह पीतल की बाली रख दी, ताकि किसी को शक न हो। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

घटना का खुलासा तब हुआ जब एक अन्य ग्राहक को सामान दिखाने के दौरान दुकानदार ने वही ट्रे निकाली। जांच करने पर एक बाली संदिग्ध लगी, जिसे देखने पर वह सोने की जगह पीतल की निकली। इस पर दुकानदार को शक हुआ और उसने तुरंत दुकान के पुराने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि एक युवक दुकानदार को व्यस्त रखे हुए है, जबकि दूसरा बड़ी चालाकी से सोने की बाली निकालकर उसकी जगह पीतल की बाली रख रहा है। इसके बाद दोनों आरोपी आराम से दुकान से निकल गए।

ये भी पढ़ें-  इंदौर में कलेक्शन एजेंट से 30 लाख लूटे, एक्टिवा पर सवार होकर आए थे बदमाश

सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला स्पष्ट हो गया और दुकानदार ने इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस में दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि यह एक सुनियोजित और शातिर चोरी का मामला है, जिसमें आरोपियों ने बड़ी चालाकी से नकली बाली रखकर असली सोने की बाली चुराई। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *