मुरैना जिले के सबलगढ़ थाना क्षेत्र के डिगवार गांव में खेत में पड़े बिजली के तार को ऊपर करने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना के बाद गांव में दहशत और अफरातफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, खेत में बिजली का तार नीचे पड़ा हुआ था, जिससे खेती कार्य में परेशानी हो रही थी। तार को हटाने और ऊपर करने को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद के दौरान जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

पढ़ें: कान्हा में फिर मिला युवा नर बाघ का शव, लगातार हो रही मौतों से टाइगर रिजर्व की सुरक्षा व्यवस्था कटघरे में

घायलों में नरेश रावत, राजदीप, रामविद, पप्पू, रंजीत, रामकृष्ण और श्रीमती मुकेशी रावत सहित अन्य लोग शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल मुरैना रेफर कर दिया गया।

जिला अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टरों ने सभी घायलों का उपचार कर उन्हें सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं मध्य प्रदेश पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। सबलगढ़ पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *