भोपाल। मध्य प्रदेश में गर्मी अब विकराल रूप लेती जा रही है। शुक्रवार शाम को जारी मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जबकि कुछ जगहों पर यह और भी ऊपर चला गया है। सबसे ज्यादा तापमान खजुराहो में 43.9 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे यह प्रदेश का सबसे गर्म शहर बन गया है। लगातार बढ़ती गर्मी और सूखी हवाओं ने आम जनजीवन पर सीधा असर डालना शुरू कर दिया है।
प्रमुख शहरों के अधिकतम तापमान
खजुराहो – 43.9 डिग्री
नौगांव – 43.5 डिग्री
रतलाम – 43.2 डिग्री
नर्मदापुरम – 42.3 डिग्री
धार – 42.4 डिग्री
रायसेन – 42.4 डिग्री
भोपाल – 41.6 डिग्री
इंदौर – 41.2 डिग्री
ग्वालियर – 42.1 डिग्री
उज्जैन – 41.5 डिग्री
रात में भी गर्मी से राहत नहीं
दिन के साथ-साथ रातें भी अब गर्म होने लगी हैं। अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री के बीच बना हुआ है। राजधानी भोपाल में रात का तापमान 26 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे लोगों को रात में भी उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। पंखे और कूलर भी राहत देने में नाकाम नजर आ रहे हैं।
नमी में गिरावट, बढ़ा डिहाइड्रेशन का खतरा
प्रदेश में हवा पूरी तरह सूखी हो चुकी है। कई शहरों में शाम के समय नमी का स्तर 10% से 30% के बीच रिकॉर्ड किया गया है। कम नमी और तेज गर्म हवाएं मिलकर शरीर से तेजी से पानी खींच रही हैं, जिससे डिहाइड्रेशन और लू का खतरा कई गुना बढ़ गया है। डॉक्टर भी लगातार सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें-गर्म हवाओं का अटैक, मध्यप्रदेश में बढ़ी झुलसाने वाली गर्मी, आज 11 जिलों में लू का अलर्ट
लू जैसे हालात,दोपहर में बाहर निकलना मुश्किल
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं की गई है। साफ आसमान और तेज धूप के कारण आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। यानी फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद बेहद कम है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। खासतौर पर बुजुर्ग, बच्चे और बीमार लोगों के लिए यह मौसम ज्यादा खतरनाक साबित हो रहा है।
