ग्वालियर रेलवे स्टेशन के जीआरपी नैरोगेज थाने से जुड़े पुलिसकर्मियों पर फूड वेंडरों से मारपीट और अवैध वसूली के आरोपों के बाद बड़ी कार्रवाई की गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए रेल एसपी राहुल लोढ़ा ने 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है।
जानकारी के अनुसार आर.के. कंपनी के किचन में काम करने वाले वेंडर अमित धाकरे और राघव सिंह शनिवार रात बिलासपुर राजधानी एक्सप्रेस में ऑर्डर का खाना सप्लाई करने जा रहे थे। आरोप है कि वैध आईआरसीटीसी पहचान पत्र होने के बावजूद जीआरपी स्टाफ ने उन्हें रोककर मारपीट की और पैसे की मांग की। मारपीट में दोनों घायल हो गए, जिन्हें जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ये भी पढ़ें: Gwalior News: तहसील परिसर बना जुए का अड्डा, एसडीएम के रीडर समेत 6 लोग हिरासत में, प्रशासनिक महकमे में हड़कंप
आरोपित पुलिसकर्मियों में दुष्यंत गुर्जर, लोकेश जाट, मनोज जाट और धर्मवीर सिंह लोधी के नाम सामने आए हैं। घटना के बाद मामला बढ़ने पर पुलिस की ओर से सफाई दी गई कि वेंडर तेज रफ्तार से बाइक चला रहे थे और रोकने पर उन्होंने बहस व हाथापाई की, जिसके बाद बल प्रयोग करना पड़ा। इस बीच रेल एएसपी नीतू डावर ने जांच की बात कही थी, लेकिन मामला तूल पकड़ने पर रेल एसपी ने देर रात सख्त कार्रवाई करते हुए 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
बताया जा रहा है कि पूरे मामले की जड़ रेलवे स्टेशन पर वेंडरों से कथित अवैध वसूली को लेकर चल रहा विवाद है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
