अपने अजीबोगरीब मोड़ के कारण प्रसिद्ध शहर के प्रमुख एजी ऑफिस पुल पर सड़क की हालत खस्ता हो चुकी है। इस पर कई साल पहले बिछाया गया मैस्टिक एस्फाल्ट अब जगह …और पढ़ें

Publish Date: Mon, 20 Apr 2026 10:05:35 PM (IST)Updated Date: Mon, 20 Apr 2026 10:05:34 PM (IST)

एजी ऑफिस पुल पर सफर होगा सुगम... 90 लाख की लागत से सुधरेगी सड़क, बारिश से पहले मरम्मत की तैयारी

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। अपने अजीबोगरीब मोड़ के कारण प्रसिद्ध शहर के प्रमुख एजी ऑफिस पुल पर सड़क की हालत खस्ता हो चुकी है। इस पर कई साल पहले बिछाया गया मैस्टिक एस्फाल्ट अब जगह-जगह से उखड़ चुका है। इसके अलावा पुल के दोनों तरफ के ढाल की तरफ बिछाया गया डामर भी अब गायब होने लगा है। ऐसे में इस पुल की मरम्मत की प्रक्रिया शुरू की गई है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) सेतु संभाग के अधिकारियों ने इस पुल की मरम्मत का करीब 90 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार किया है। इसमें मैस्टिक एस्फाल्ट बिछाने के साथ ही पुल के खराब जॉइंट को ठीक करने का काम भी किया जाएगा।

बारिश से पहले काम पूरा करने की चुनौती

ये काम भी वर्षा का मौसम शुरू होने से पहले कराने की तैयारी है, ताकि बारिश के दौरान पुल की सड़क और खराब न हो और समय रहते इस पर मैस्टिक एस्फाल्ट की परत बिछ जाए। अन्यथा वर्षा की स्थिति में वाहनों की आवाजाही से पुल में मौजूद गड्ढे और गहरे हो जाएंगे, जिससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में इस पुल की मरम्मत के लिए जरूरी प्रक्रिया शुरू की जा रही है। वर्तमान में इस पुल की हालत इतनी खराब है कि वाहन चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुल पर जगह-जगह गड्ढे हो चुके हैं। कुछ स्थानों पर गड्ढे इस प्रकार गहरे हैं कि वाहन को अचानक ही झटका लगता है और असंतुलित होकर दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।

क्या होता है मैस्टिक एस्फाल्ट?

मैस्टिक एस्फाल्ट सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाली एक अत्यधिक टिकाऊ, जलरोधक और उच्च गुणवत्ता वाली बिटुमिनस सामग्री है। यह गिट्टी, महीन रेत, फिलर (चूना पत्थर) और बिटुमिन का एक गर्म मिश्रण होता है, जो ठंडा होने पर ठोस, शून्य-छिद्र वाली सख्त सतह बनाता है। मैस्टिक एस्फाल्ट की परत पानी को अंदर नहीं जाने देती है, जिससे ये सड़क लंबे समय तक चलती है। इसे गर्म अवस्था में बिछाया जाता है और यह अपने अपने आप बहकर सतह को समतल कर देता है। इसे रोलर से दबाने की आवश्यकता नहीं होती। यह भारी यातायात और फिसलन का सामना करने में सक्षम है, इसलिए इसे एक्सप्रेस-वे और पुलों के लिए बेहतरीन माना जाता है। यह सतह के ठंडा होते ही तुरंत ट्रैफिक के लिए खोली जा सकती है। इसका उपयोग सड़क की ऊपरी परत के रूप में किया जाता है।

एजी ऑफिस पुल पर मैस्टिक एस्फाल्ट की परत बिछाने व रोड मरम्मत सहित अन्य कार्य के लिए 90 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया है। इसे स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य कराया जाएगा। – जोगिंदर यादव, कार्यपालन यंत्री पीडब्ल्यूडी सेतु संभाग



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *