जिले के डबरा क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां तहसील परिसर, जहां आमतौर पर सरकारी कामकाज होता है, को जुए के अड्डे में बदल दिया गया। देहात थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से एसडीएम के रीडर सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि डबरा तहसील परिसर में जुए का फड़ संचालित किया जा रहा है। खास बात यह थी कि जिस स्थान पर जुआ खेला जा रहा था, वहां आसपास प्रशासनिक अधिकारियों के दफ्तर भी मौजूद हैं। इस कारण मामला और भी गंभीर हो गया।

सूचना की पुष्टि होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की जिम्मेदारी डबरा देहात थाना पुलिस को सौंपी गई। ट्रेनी आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में टीम ने छुट्टी के दिन योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा। पुलिस को मौके पर जुआ खेलते हुए 6 लोग मिले, जिनमें डबरा एसडीएम का रीडर मनोज शर्मा भी शामिल था।

ये भी पढ़ें: धार में जमीनी विवाद में खूनी खेल: बेटे ने मां-बाप समेत भाई और भाभी पर किया चाकू से हमला, चाचा पर भी किया वार

पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 46 हजार रुपये नकद, ताश की गड्डियां और 3 मोटर साइकिल जब्त की हैं। हालांकि कार्रवाई के दौरान नरेंद्र शास्त्री नामक एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसे भी पुलिस ने मामले में नामजद कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।

इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। सरकारी परिसर में इस तरह की गतिविधियों का सामने आना न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल उठाता है, बल्कि जिम्मेदार पदों पर बैठे कर्मचारियों की भूमिका पर भी गंभीर प्रश्न खड़े करता है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। वहीं इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा का माहौल है कि आखिर सरकारी परिसर में इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियां कैसे संचालित हो रही थीं?



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *