सिंगरौली के बैंक ऑफ महाराष्ट्र में घुसकर पांच हथियारबंद बदमाशों ने 15 करोड़ की डकैती डालकर हड़कंप मचा दिया। लंबे समय बाद बैंक के अंदर घुसकर ऐसी वारदात …और पढ़ें

Publish Date: Mon, 20 Apr 2026 07:17:14 PM (IST)Updated Date: Mon, 20 Apr 2026 07:17:14 PM (IST)

ग्वालियर बैंक अलर्ट... सिंगरौली की 15 करोड़ की डकैती से भी नहीं लिया सबक, भगवान भरोसे है आपका पैसा
ग्वालियर बैंक अलर्ट… AI Generated Image

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। सिंगरौली के बैंक ऑफ महाराष्ट्र में घुसकर पांच हथियारबंद बदमाशों ने 15 करोड़ की डकैती डालकर हड़कंप मचा दिया। लंबे समय बाद बैंक के अंदर घुसकर ऐसी वारदात हुई। वारदात के बाद सामने आया- बैंक के भीतर सुरक्षा इंतजाम ही खोखले थे, जिसके चलते यह घटना हो गई। बैंक के गेट पर सुरक्षा गार्ड तक नहीं था। सिंगरौली में डकैती के बाद लगा था, बैंक प्रबंधन की नींद टूटेगी और ग्वालियर में भी बैंक व एटीएम बूथ के अंदर सुरक्षा-व्यवस्था मजबूत की जाएगी। लेकिन हालात बदतर हैं। ग्वालियर के कई बैंकों व एटीएम बूथ में न तो सुरक्षा गार्ड हैं न सुरक्षा को लेकर मुस्तैदी ही नजर आई।

सिटी सेंटर में रियलिटी चेक: बैंकों में बेरोकटोक आवाजाही

नईदुनिया टीम ने शहर के सबसे पॉश इलाके सिटी सेंटर में स्थित अलग-अलग बैंक की शाखाओं में पहुंचकर हकीकत जानी। कई बैंक में सुरक्षा गार्ड गायब मिले, जहां सुरक्षा गार्ड मिले, वहां भी न तो आवाजाही पर निगरानी थी न कोई रोकटोक। यह हालात तब हैं- जब ग्वालियर के सिटी सेंटर इलाके में ही बैंकों के बाहर लाखों रुपये की लूट की वारदात कई बार हो चुकी है। पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य ब्रांच और सिटी सेंटर ब्रांच दोनों पटेल नगर में ही स्थित हैं। यहां दो ब्रांच एक साथ हैं तो सुरक्षा के कड़े इंतजाम होना चाहिए। नईदुनिया टीम पहुंची तो गेट पर सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था। नईदुनिया संवाददाता मुंह पर कपड़ा बांधकर अंदर दाखिल हो गया, ब्रांच के अंदर किसी ने टोका तक नहीं।

प्रमुख बैंकों के सुरक्षा हालात: गार्ड तैनात पर निगरानी गायब

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की सिटी सेंटर में मुख्य ब्रांच है। यहां गेट पर सुरक्षा गार्ड तैनात था। जहां दफ्तर बने हुए हैं, वहां तो अंदर जाने से पहले गार्ड ने नाम पूछा, लेकिन मुख्य ब्रांच में जहां करोड़ों का लेनदेन होता है, वहां कोई रोका-टोकी नहीं थी। मप्र ग्रामीण बैंक के गेट पर कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था, सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। इस बैंक के ही एटीएम बूथ पर भी सुरक्षा गार्ड नहीं था। एचडीएफसी बैंक की सिटी सेंटर रोड स्थित ब्रांच के अंदर गार्ड मौजूद था और हाथ में बंदूक भी थी, लेकिन गार्ड कुर्सी पर बैठकर आराम करता मिला। आईसीआईसीआई बैंक में गेट पर सुरक्षा गार्ड मौजूद मिला, लेकिन वह बातों में मशगूल था, हाथ में बंदूक नहीं थी।

एटीएम बूथों की स्थिति और पुलिस निर्देशों की अनदेखी

बंधन बैंक (पटेल नगर), डीसीबी बैंक (सिटी सेंटर) और पीएनबी (सिटी सेंटर) के एटीएम बूथ में भी गार्ड नहीं मिला। ग्वालियर पुलिस ने शहर के बैंक, फाइनेंस कंपनी में जाकर 37 पॉइंट का प्रोफार्मा भरवाया था। आने-जाने वालों से पूछताछ के निर्देश दिए थे और सुरक्षा के इंतजामों का ऑडिट किया था। पुलिस अधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन नहीं हो रहा। ग्वालियर के सिटी सेंटर इलाके में ही बैंकों के बाहर लाखों रुपये की लूट की वारदात कई बार हो चुकी है। एसबीआई की मुख्य ब्रांच में तो दो बार लूट की बड़ी वारदात हो चुकी हैं, जिनमें एक बार बदमाशों ने गोली मारकर लूट की थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *