ग्वालियर में सीवर खुदाई के दौरान टेलीकॉम कर्मचारी गड्ढे में दब गया। श्रमिकों की सूझबूझ से समय रहते उसे बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। …और पढ़ें

HighLights
- ग्वालियर में सीवर खुदाई के दौरान हादसा
- टेलीकॉम कर्मचारी गड्ढे में दबा
- केबल सुधारने के लिए नीचे उतरा था
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। वार्ड क्रमांक 65 में स्थित महेशपुरा सरकारी स्कूल के पास सीवर लाइन के लिए खोदे गए गड्ढे में एक निजी टेलीकॉम कंपनी का कर्मचारी मिट्टी के नीचे दब गया। सीवर लाइन के लिए गड्ढा खोदने के दौरान टेलीकाम कंपनी की लाइन कटने के बाद ये कर्मचारी उसे सुधारने के लिए गड्ढे में उतरा था, लेकिन गड्ढे के दोनों की तरफ की मिट्टी ढीली होने के कारण अचानक ही उसके ऊपर गिर गई और वह दब गया। इससे मौके पर हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत ही सक्रियता दिखाते हुए उसे गड्ढे से बाहर निकाला।
जानकारी के मुताबिक महेशपुरा सरकारी स्कूल के पास नगर निगम द्वारा सीवर लाइन डालने का कार्य इन दिनों किया जा रहा है। यह काम जैन एंड राय फर्म के माध्यम से कराया जा रहा है। रविवार दोपहर को मौके पर खोदाई का कार्य चल रहा था। इस दौरान टेलीकॉम कंपनी का एक कर्मचारी वहां पहुंचा।
मना करने के बावजूद गड्ढे में गिरा
- उसने मौजूद श्रमिकों से कहा कि खोदाई के दौरान कंपनी की केबल क्षतिग्रस्त हो गई है और उसे ठीक करना आवश्यक है। श्रमिकों ने उसे समझाने का प्रयास किया कि फिलहाल खोदाई जारी है, ऐसे में नीचे उतरना जोखिम भरा हो सकता है। बावजूद इसके कर्मचारी नहीं माना और खुद ही गड्ढे में उतरने लगा।
- इसी दौरान किनारे की ढीली मिट्टी अचानक खिसक गई और उसका एक हिस्सा कर्मचारी की कमर तक आ गिरा, जिससे वह वहीं दब गया। घटना होते ही मौके पर मौजूद श्रमिकों में हड़कंप मच गया। सभी ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत मिट्टी हटाने का काम शुरू किया और कुछ ही देर में कर्मचारी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
