जयपुर में छेड़छाड़ आरोपी राहुल गुर्जर गिरफ्तारी से बचते भागा, गिरकर हाथ-पैर तोड़े। अस्पताल में भर्ती, चार केस दर्ज, ग्वालियर निवासी आरोपी से पुलिस पूछ …और पढ़ें

HighLights
- जयपुर में छेड़छाड़ आरोपी पुलिस से बचते समय घायल हुआ।
- भागते वक्त गिरने से आरोपी के हाथ-पैर टूट गए।
- ग्वालियर निवासी राहुल गुर्जर के खिलाफ चार केस दर्ज।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जयपुर में महिला से छेड़छाड़ के आरोपी बदमाश को पकड़ने गई पुलिस टीम के सामने उस समय नाटकीय घटनाक्रम हो गया, जब आरोपी गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में भागते हुए गिर पड़ा और उसके हाथ-पैर टूट गए। घायल हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। फिलहाल आरोपी के हाथ और पैर में प्लास्टर चढ़ा हुआ है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्वालियर का रहने वाला आरोपी राहुल गुर्जर जयपुर में महिला से छेड़छाड़ की घटना में वांछित था। इस मामले में राजस्थान पुलिस ने उसके खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी किया था। वारंट के आधार पर पुलिस टीम उसे पकड़ने के लिए पहुंची। इसी दौरान राहुल गुर्जर ने पुलिस से बचने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन जल्दबाजी में गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाकर इलाज शुरू कराया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी राहुल गुर्जर के खिलाफ छेड़छाड़ से जुड़े चार अलग-अलग मामलों में एफआईआर दर्ज हैं। इनमें से एक मामला जयपुर के मालवीय नगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसकी तलाश तेज कर दी थी। बाद में उसके ग्वालियर निवासी होने की पुष्टि होने पर पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए कार्रवाई की।
मदद करने वालों पर भी होगी कार्रवाई
बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी एक पुराने मामले में वर्ष 2017 से फरार चल रहा था और कोर्ट ने उसे जेल भेजा था। अब प्रोडक्शन वारंट के तहत जयपुर पुलिस उसे पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। इस मामले में आरोपी की मदद करने वाले कुछ अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है, जिनके खिलाफ पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
