माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं व 12वीं बोर्ड की परीक्षा का परिणाम बुधवार को घोषित हुआ है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अब द्वितीय परीक्षा की प्रक्र …और पढ़ें

HighLights
- 10वीं-12वीं की द्वितीय बोर्ड परीक्षा
- सात दिन में छात्र भर सकते हैं फार्म
- MP बोर्ड ने जारी की गाइडलाइन
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं व 12वीं बोर्ड की परीक्षा का परिणाम बुधवार को घोषित हुआ है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अब द्वितीय परीक्षा की प्रक्रिया बोर्ड ने शुरू कर दी है। यानी छात्र 23 अप्रैल तक फार्म ऑनलाइन भर सकते हैं। द्वितीय परीक्षा 7 से 26 मई के बीच में होगी। इस परीक्षा को वे छात्र दे सकते हैं जो अनुत्तीर्ण हुए हैं या फिर वे अपने अंकों में सुधार करना चाहते हैं।
दो तरह से फार्म भर सकते हैं छात्र
द्वितीय परीक्षा के लिए छात्र एमपी ऑनलाइन के कियोस्क पर जाकर अपने साथ रोल नंबर, विषय की जानकारी और शुल्क देकर आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही छात्र अपने-अपने स्कूलों के माध्यम से भी आवश्यक शुल्क जमा कर आवेदन कर सकते हैं। हालांकि उन्हें पोर्टल चार्ज 25 रुपये फीस से अलग देने होंगे।
विषयों के आधार पर निर्धारित शुल्क
यदि कोई छात्र एक विषय में फेल हुआ है तो उसे 500 रुपये, दो विषयों में फेल हुआ है तो 1000 रुपये, तीन या चार विषय में फेल हुआ है तो 1500 रुपये और चार से अधिक विषयों की परीक्षा देना चाहता है तो 2000 रुपये जमा करने होंगे।
जिले में हजारों छात्र द्वितीय परीक्षा की श्रेणी में
बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम में जिले में 10वीं की परीक्षा देने वाले 24,702 छात्रों में से 9664 छात्र विभिन्न विषयों में फेल हुए हैं। इसी तरह 12वीं कक्षा में 21,351 छात्रों में से 8144 छात्र फेल हुए हैं। दोनों ही कक्षाओं में फेल हुए छात्र द्वितीय परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही जिन छात्रों को लगता है कि उनके परीक्षा में नंबर कम आए हैं, वे अपनी श्रेणी सुधारने के लिए भी द्वितीय परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
परिणाम के बाद ही मिलेगी फाइनल अंकसूची
बोर्ड ने साफ किया है कि जो छात्र द्वितीय परीक्षा में शामिल होंगे, उनकी मुख्य परीक्षा की अंकसूची प्रिंट नहीं की जाएगी। उनकी अंकसूची द्वितीय परीक्षा के परिणाम आने के बाद प्रिंट की जाएगी। अंकसूची में ‘पूरक’ या ‘सप्लीमेंट्री’ परीक्षा आदि नहीं लिखा जाएगा। साथ ही किसी भी विषय के आगे कोई मार्क नहीं किया जाएगा। केवल अंकसूची के मुख्य हिस्से में ‘द्वितीय परीक्षा’ ही लिखा जाएगा।
अस्थायी प्रवेश की सुविधा
गाइडलाइन में साफ कहा है कि जो छात्र द्वितीय परीक्षा में शामिल हुए हैं, वे अगली कक्षा में अस्थायी तौर पर प्रवेश ले सकते हैं। चाहे वे 12वीं कक्षा के छात्र हों या फिर 10वीं कक्षा के। परीक्षा में पास होने पर उनकी उपस्थिति की गणना प्रवेश के दिन से मानी जाएगी।
