भोपाल के अशोका गार्डन में होटल संचालक विजय मेवाड़ा की चाकू घोंपकर हत्या करने वाले मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान आसिफ ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसके जवाब में पुलिस ने भी उस पर गोलियां चलाईं। इसमें आसिफ के पैर में गोली लगी और वो वहीं गिर गया। पुलिस ने मौका पाकर उसे काबू में कर लिया। फिलहाल कड़ी सुरक्षा में उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसके स्वस्थ होने का इंतजार कर रही है। इसके बाद उससे पूछताछ की जाएगी।
दरअसल दो दिन पहले होटल संचालक विजय मेवाड़ा अपने कर्मचारियों के साथ अशोका गार्डन में था। वहां उनके कर्मचारियों और आसिफ के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जब विजय दोनों पक्षों के बीच मामला शांत कराने आगे आया, तो आसिफ और उसके दो साथियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में विजय मेवाड़ा की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी पहले ही गिरफ्त में आ चुके थे, जबकि मुख्य आरोपी आसिफ फरार था। पुलिस ने उस पर 30 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया था।
ये भी पढ़ें- Anuppur News: प्रेमी पर शादी के लिए दबाव बना रही थी महिला, गला घोंटकर की हत्या; पेड़ पर लटकाया शव
हिंदू संगठनों ने किया उग्र प्रदर्शन
विजय मेवाड़ा की निर्मम हत्या के बाद से उनके परिजन और कई हिंदू संगठन लगातार न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर थे। इससे पहले परिजनों और संगठनों ने मिलकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अशोका गार्डन थाने का घेराव भी किया था। बुधवार को संगठनों ने आसिफ उर्फ बम पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) लगाने और उसके मकान को ध्वस्त करने की मांग को लेकर रोशनपुरा चौराहे में भी उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना देने की तैयारी में थे, लेकिन सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए प्रशासन ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया था।
