प्रदेश में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत इस बार उत्सव के रंग में नजर आई। ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के तहत बुधवार को भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय प्रवेशोत्सव-2026 कार्यक्रम ने शिक्षा को जनआंदोलन का रूप दे दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए बच्चों पर पुष्पवर्षा की और उन्हें साइकिल व किताबें वितरित कर माहौल को उत्सव में बदल दिया।

दीपावली जैसा माहौल, स्कूलों में जश्न

प्रदेशभर के स्कूलों में प्रवेशोत्सव को त्योहार की तरह मनाया गया। हजारों बच्चों ने एक साथ स्कूलों में प्रवेश लिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई, जिसके बाद सीएम ने बच्चों की प्रदर्शनी देखी और उनके साथ संवाद भी किया। बच्चों ने सेल्फी लेकर इस दिन को यादगार बना लिया।

साइकिल, किताबें और योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने दूरदराज के विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलें वितरित कीं, वहीं दोबारा स्कूल लौटने वाले बच्चों को किताबें भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, आज का दिन अद्भुत है। एक साथ हजारों बच्चे स्कूल में प्रवेश कर रहे हैं। जिनका स्कूल दूर है, उन्हें साइकिल मिल रही है। समय बदल रहा है। अब बच्चों को किताबें, यूनिफॉर्म और जरूरी सुविधाएं आसानी से मिल रही हैं। उन्होंने पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा, पहले ऐसा संभव नहीं था कि हर बच्चे तक ये सुविधाएं पहुंचें। आज हम भाग्यशाली हैं कि बच्चों को बेहतर संसाधन मिल रहे हैं। सीएम ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा,देश बदल रहा है और हमारी सरकार भी उसी दिशा में तेजी से काम कर रही है।

ड्रॉपआउट जीरो, नामांकन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में ड्रॉपआउट दर अब शून्य हो गई है, जो एक बड़ी उपलब्धि है। हम गर्व से कह सकते हैं कि नामांकन में 19.6% की वृद्धि हुई है। शासकीय स्कूलों में बच्चों की प्रगति 32.4% तक पहुंची है। यह विश्वास का संकेत है।

यह भी पढ़ें-MP में अप्रैल की शुरुआत आंधी-बारिश और बादलों से,फिर तपेगा प्रदेश, 15 अप्रैल के बाद चलेगी लू

सरकारी स्कूलों की बढ़ी साख

सीएम के मुताबिक, सांदीपनि और पीएम श्री स्कूलों में बेहतर सुविधाओं के चलते अब बच्चे निजी स्कूल छोड़कर सरकारी स्कूलों में आ रहे हैं। नई शिक्षा नीति 2020 के तहत स्थानीय भाषाओं में किताबें भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

हर वर्ग तक शिक्षा, बड़े स्तर पर सुविधाएं

विद्यार्थियों को मिली सौगात

55 लाख विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म

1 लाख से अधिक छात्रों को लैपटॉप

76 हजार शिक्षकों की नियुक्ति

25 हजार से ज्यादा स्कूलों में 20 लाख विद्यार्थी

यह भी पढ़ेंहिंदू संगठन सड़कों पर उतरे,उग्र प्रदर्शन,किया चक्का जाम,पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोचा

मंत्री बोले-आज शिक्षा का पर्व

स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा आज का दिन स्कूली शिक्षा विभाग के लिए दीपावली का दिन है। आज प्रदेश के बच्चे स्कूलों में प्रवेश कर रहे हैं। हमारा इनरॉलमेंट बढ़ रहा है। मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि आज हमने एक करोड़ बच्चों को इनरॉल किया है। हमारा पूरा विभाग ड्रॉप आउट को रोकने का प्रयास कर रहा है। हमारी सरकार बच्चों की बेहतरी के लिए काम कर रही है। हम किताबों को निशुल्क देने में सफल हुए हैं। सरकार का प्रयास है कि विकासखंड स्तर पर बुक फेयर लगाए जाएं, जहां शासकीय के साथ निजी स्कूलों के बच्चों को भी पाठ्यपुस्तक निगम की सस्ती किताबों का लाभ मिल सके। मैं बच्चों को स्कूल प्रवेशोत्सव की शुभकामनाएं देता हूं। हम बच्चों का भविष्य सुनहरा बनाने के लिए संकल्पित हैं। जनजातीय कल्याण मंत्री कुंवर विजय शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है। शासकीय स्कूलों में बच्चों को मध्यान भोजन, नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें, साइकिलें, स्कूटी, लैपटॉप तक वितरित किए जा रहे हैं।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *