नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कार्पोरेशन का कार्यकाल 31 मार्च को समाप्त हो रहा है। इसके साथ ही अब कार्पोरेशन को केंद्र और राज्य सरकार से कोई नया बजट नहीं मिलेगा। वर्ष 2016 में शुरू हुए इस मिशन के तहत अब कार्पोरेशन को स्वतंत्र एजेंसी के रूप में कार्य करना होगा और अपने प्रोजेक्ट्स के जरिए आय अर्जित करनी होगी।

10 साल के रिकॉर्ड का डिजिटलाइजेशन शुरू

कार्यकाल समाप्त होने से पहले कार्पोरेशन ने अपने पिछले 10 वर्षों के रिकॉर्ड को डिजिटल रूप में सुरक्षित करने का निर्णय लिया है। अभी तक सभी दस्तावेज कागजी फाइलों में मौजूद हैं, जिससे भविष्य में इनके गुम या नष्ट होने का खतरा बना रहता है।

इस समस्या को देखते हुए अब रिकॉर्ड को स्कैन कर डिजिटल रूप में सहेजा जा रहा है। इसके लिए एक विशेष टीम गठित की गई है, जो हर दस्तावेज को स्कैन कर ऑनलाइन स्टोर कर रही है।

हजारों पन्नों का किया जा रहा डिजिटलीकरण

स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन द्वारा अब तक 78 प्रोजेक्ट्स पर काम किया गया है। इन सभी परियोजनाओं की फाइलों में लगभग एक लाख पन्ने हैं।

अब तक 50 हजार से अधिक पन्नों को स्कैन कर ऑनलाइन किया जा चुका है। सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट विंग की टीम इस काम में प्रतिदिन लगी हुई है और अप्रैल के अंत तक पूरे रिकॉर्ड को डिजिटल करने का लक्ष्य तय किया गया है।

इससे पहले कार्पोरेशन ने सेंट्रल लाइब्रेरी की किताबों को भी डिजिटल स्वरूप में बदलने का कार्य किया था।

ई-ऑफिस प्रणाली होगी लागू

कार्पोरेशन अब अपने कार्यालय में ई-ऑफिस प्रणाली लागू करने की तैयारी कर रहा है। वर्तमान में कार्पोरेशन के सीईओ का अतिरिक्त प्रभार निगमायुक्त संघ प्रिय के पास है, जिन्होंने नगर निगम में पहले ही ई-ऑफिस सिस्टम लागू कर दिया है।

इस प्रणाली के तहत छुट्टी आवेदन से लेकर विभिन्न प्रस्तावों तक सभी काम ऑनलाइन किए जाएंगे। इसके लिए अधिकारियों और इंजीनियरों की यूजर आईडी भी तैयार की जा चुकी हैं।

40वीं बोर्ड बैठक में प्रोजेक्ट्स की समीक्षा

सोमवार को मोतीमहल स्थित कंट्रोल कमांड सेंटर में ग्वालियर स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कार्पोरेशन की 40वीं बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर रुचिका चौहान ने की।

उन्होंने सचिन तेंदुलकर रोड के निर्माण कार्य को तय समय और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। इसके लिए मासिक कार्य योजना बनाने को कहा गया।

पार्किंग, ट्रैफिक और लाइटिंग पर जोर

बैठक में गोरखी स्थित मल्टी लेवल कार पार्किंग के संचालन से पहले महाराज बाड़ा क्षेत्र में ट्रैफिक का संयुक्त सर्वे कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रीपेड और मंथली पास जैसी सुविधाएं शुरू करने पर भी जोर दिया गया। निर्भया कैफे की निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी करने और फसाड लाइटिंग परियोजना का विस्तार करने के निर्देश भी दिए गए।

हेरिटेज स्थलों और नई परियोजनाओं पर चर्चा

बैठक में बताया गया कि तानसेन समाधि और मोहम्मद गौस के मकबरे को छोड़कर अन्य स्थानों के लिए आवश्यक अनुमतियां मिल चुकी हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जहां अनुमति मिल गई है, वहां जल्द फसाड लाइटिंग का कार्य शुरू किया जाए।

इसके अलावा ISBT पर प्रस्तावित कमर्शियल कॉम्पलेक्स, कन्वेंशन सेंटर में अतिरिक्त कार्य, नगर निगम म्यूजियम के जीर्णोद्धार, जल संरक्षण और ट्रैफिक सुधार जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *