राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन इलाके में एक 24 वर्षीय युवक ने शनिवार सुबह अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सेठी नगर निवासी दीपक गुर्जर के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें युवक ने अपनी प्रेमिका पर धोखा देने और रेप केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

अशोका गार्डन थाना पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह दीपक की मां ने घर की रेलिंग से साड़ी का फंदा बंधा देखा और बेटे का शव लटका पाया। इसके बाद घर में कोहराम मच गया। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर शव को नीचे उतारा और तलाशी के दौरान दीपक की पैंट की जेब से पर्स में रखा एक सुसाइड नोट बरामद किया।

शादी का वादा कर मुकरने का आरोप


सुसाइड नोट में दीपक ने अपनी मौत के लिए प्रेमिका ‘माही’ और उसके एक दोस्त को जिम्मेदार ठहराया है। उसने लिखा है कि दोनों पिछले छह से सात साल से रिश्ते में थे और शादी करने की बात भी हुई थी, लेकिन युवती अब उससे दूरी बना रही थी और किसी अन्य युवक के साथ संबंध में है।

नोट के मुताबिक जब दीपक ने इस पर आपत्ति जताई तो युवती ने उसे रेप केस में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। युवक ने लिखा कि युवती ने उससे कहा था कि “तुम मर भी जाओ तो मेरा कुछ नहीं होगा, मैं बच जाऊंगी।”

ये भी पढ़ें- MP: बैंक से 6 साल पहले मृत व्यक्ति के खाते से निकले हजारों रुपये, इन तीन कर्मचारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल

लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे


परिजनों और पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे। दीपक फेब्रिकेशन का काम करता था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बताया जा रहा है कि युवती ने अंत में यह कहते हुए शादी से इनकार कर दिया कि दीपक हिंदू है, जिसके कारण युवक काफी समय से मानसिक तनाव में था।

पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर उसे हैंडराइटिंग एक्सपर्ट के पास जांच के लिए भेज दिया है। साथ ही युवक के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित युवती और उसके दोस्त के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *