इंदौर में आयोजित 33वें आईएमए इंटरनेशनल मैनेजमेंट कॉन्क्लेव 2026 के दूसरे दिन स्टार्टअप संवर्धन कार्यक्रम की सफलता के बाद मुख्य सत्रों का आयोजन हुआ। इस वर्ष के आयोजन का मुख्य विषय इननोवेटिंग इंडिया: स्वदेशी, स्वाभाविक, स्वनिर्मित रखा गया है। कार्यक्रम का आरंभ शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति के साथ हुआ। आईएमए के अध्यक्ष नवीन खंडेलवाल ने अपने स्वागत भाषण में स्पष्ट किया कि स्वदेशी और नवाचार का मेल ही भारत को वैश्विक स्तर पर अग्रणी बना सकता है। उन्होंने भारतीय जड़ों से जुड़े रहकर विकास करने की आवश्यकता पर बल दिया।

डॉ. निरंजन हिरानंदानी को लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान

कॉन्क्लेव के दौरान रियल एस्टेट क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए डॉ. निरंजन हिरानंदानी को आईएमए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सफलता हमेशा सामूहिक प्रयासों का फल होती है। उन्होंने उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रतिदिन एक प्रतिशत सुधार का मंत्र साझा किया और नैतिक नेतृत्व को भविष्य की जरूरत बताया।




Trending Videos

Indore News 33rd IMA International Management Conclave

डॉ. निरंजन हिरानंदानी को आईएमए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया गया।
– फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर


विश्व की अनिश्चितताओं में भारत के लिए सुनहरा मौका

उद्घाटन सत्र में आईआईएम इंदौर के निदेशक डॉ. हिमांशु राय ने वर्तमान विश्व की अनिश्चितताओं का जिक्र करते हुए साहस और अनुकूलन क्षमता को अनिवार्य बताया। उन्होंने उद्योग और शिक्षा जगत के बीच बेहतर तालमेल की वकालत की। फोर्स मोटर्स के चेयरमैन डॉ. अभय फिरोदिया ने भारतीय मूल्यों पर आधारित सामाजिक व्यवस्था की महत्ता बताई। उन्होंने कहा कि आधुनिकता जरूरी है लेकिन हमें अपनी सांस्कृतिक पहचान नहीं खोनी चाहिए।

भारत जुगाड़ से आगे बढ़कर विश्वस्तरीय नवाचार कर रहा 

कूलिंग इंडिया, पावरिंग इंडिया, कनेक्टिंग इंडिया सत्र में वोल्टास लिमिटेड के प्रबंध निदेशक मुकुंदन मेनन ने कहा कि भारत अब जुगाड़ से आगे बढ़कर विश्वस्तरीय नवाचार कर रहा है। टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के मुरली रंगनाथन ने इंदौर जैसे टियर-2 शहरों में डेटा सेंटर्स की भूमिका को अहम बताया। वहीं सिफी टेक्नोलॉजीज के शरद अग्रवाल ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रभावी कार्यान्वयन और उसके लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे पर विचार रखे।

गुणवत्ता ही किसी पारंपरिक उत्पाद को ब्रांड बनाती है

टर्निंग ट्रेडिशन्स इंटू ब्रांड्स सत्र में कैफे नीलोफर के शशांक अनुमुला और निलॉन्स के दीपक संघवी ने ब्रांडिंग की बारीकियों को समझाया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के साथ भावनात्मक जुड़ाव और गुणवत्ता ही किसी पारंपरिक उत्पाद को बड़ा ब्रांड बनाती है। वक्ताओं ने मजबूत नींव और निरंतरता को व्यापार की सफलता का आधार बताया।

विकसित भारत 2047 के लिए निर्यात में वृद्धि जरूरी

मनी इन मोशन सत्र में इलेक्ट्रम कैपिटल के तेजस गुटका ने विनिर्माण और निर्यात में वृद्धि को विकसित भारत 2047 के लिए जरूरी बताया। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के रितेश गुप्ता ने बैंकिंग क्षेत्र में तकनीक और डिजिटल भुगतान की सुलभता पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि तकनीक बैंकिंग को सशक्त बनाने का एक माध्यम है।

स्वानंद बोले असफलताएं ही जीवन में आगे बढ़ने की सीख देती हैं

स्व से स्व की बात सत्र में स्वानंद किरकिरे ने अपने जीवन के अनुभवों और संघर्षों को साझा किया। उन्होंने बताया कि असफलताएं ही जीवन में आगे बढ़ने की सीख देती हैं। वहीं अतुल सत्य कौशिक ने भारतीय नेतृत्व की अवधारणा को कर्तव्य और नैतिक मूल्यों से जोड़ते हुए समझाया। उन्होंने कहा कि एक सच्चा नेता वही है जो समाज में नए नेतृत्व का निर्माण करे। कॉन्क्लेव के अंतिम दिन 28 फरवरी को आचार्य मनीष, अमन गुप्ता और सुहानी शाह जैसे प्रमुख वक्ता अपने विचार साझा करेंगे।

एआई रोबोट ने किया आकर्षित

कार्यक्रम में मुंबई की एक टेक कंपनी के द्वारा एआई रोबोट का प्रदर्शन किया गया। जापान से बुलाए गए इस रोबोट को मुख्य रूप से चीन ने तैयार किया है। कंपनी ने कहा कि स्टूडेंट्स को एआई के बारे में शिक्षा देने के लिए यह रोबोट बुलाया गया है। 




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed