इंदौर में ब्रिक्स सम्मेलन मंगलवार से होने जा रहा है। इस बार मेजबानी का मौका मध्य प्रदेश को मिला है और सरकार ने इस आयोजन के लिए इंदौर को चुना है। शहर में 9 जून से ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक शुरू होगी, जिसमें ब्रिक्स सदस्य और साझेदार देशों सहित करीब 20 देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। 9 से 11 जून तक कृषि कार्य समूह की बैठकें आयोजित होंगी, जबकि 12 और 13 जून को कृषि मंत्रियों की मंत्रीस्तरीय बैठक होगी।

 

इस वर्ष के सम्मेलन का फोकस खाद्य सुरक्षा, पोषण एवं आजीविका, कृषि व्यापार एवं सहयोग, जलवायु-अनुकूल एवं सतत कृषि तथा कृषि एवं खाद्य प्रणालियों में नवाचार और साझेदारी को मजबूत बनाने पर रहेगा। भारत की अध्यक्षता में अब तक कृषि कार्य समूह के अंतर्गत चार चरणों में आठ बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं।

सम्मेलन के दौरान 12 जून को “लघु किसानों, महिलाओं एवं युवाओं के माध्यम से भविष्य की खाद्य सुरक्षा” विषय पर विशेष मंत्रीस्तरीय संवाद आयोजित होगा। इसके अलावा खाद्य हानि में कमी, पशुपालन, मत्स्य पालन और किसानों के अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी व्यापक चर्चा की जाएगी। वर्तमान में यह समूह 11 सदस्य देशों और 10 साझेदार देशों के साथ दुनिया के सबसे प्रभावशाली मंचों में शामिल है।

ब्रिक्स वाटिका बनेगी आकर्षण का केंद्र

सम्मेलन के दौरान पर्यावरण संरक्षण और साझी प्रतिबद्धता का संदेश देने के लिए प्रतिनिधियों की सहभागिता से एक विशेष “ब्रिक्स वाटिका” विकसित की जाएगी। इस अवसर पर सामूहिक वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित होगा।

विदेशी मेहमानों को दिखेगी इंदौर की विरासत

विदेशी प्रतिनिधियों को भारत की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर से परिचित कराने के लिए राजवाड़ा, छप्पन दुकान और मांडू सहित प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसके लिए शहर में विशेष तैयारियाँ की गई हैं।

आगामी सम्मेलन को लेकर नगर निगम प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय है। आयुक्त क्षितिज सिंघल ने अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख पर्यटन, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने छप्पन दुकान, राजवाड़ा, ढक्कन वाला कुआँ और ग्रामीण हाट बाजार सहित विभिन्न स्थानों पर सफाई, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और आगंतुक सुविधाओं का जायजा लिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *