भोपाल के हबीबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ई-6 अरेरा कॉलोनी में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक अविवाहित था और करीब चार वर्षों से एक युवती के साथ संबंध में था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंध टूटने के बाद युवक के अवसाद में होने की बात सामने आई है।
हबीबगंज थाना पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 20 वर्षीय बिट्टू साहू पिता संजय साहू के रूप में हुई है, जो ई-6 अरेरा कॉलोनी में रहता था और ऑनलाइन कॉल सर्विस में काम करता था। बिट्टू चार साल से एक युवती के संपर्क में था और दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत भी चल रही थी। करीब डेढ़ से दो वर्ष से दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।
युवती को लेकर यह बात आई सामने
बताया गया है कि करीब पखवाड़े भर पहले युवती बिट्टू को छोड़कर अपने माता-पिता के पास रहने चली गई थी। जब बिट्टू ने उससे दोबारा साथ रहने और शादी करने की बात कही, तो युवती ने इनकार कर दिया। युवती ने स्पष्ट कहा कि वह आगे की जिंदगी माता-पिता की सहमति से किसी अन्य युवक के साथ बिताना चाहती है और बिट्टू के साथ जीवन नहीं बिता सकती।
ये भी पढ़ें- MP News: अब ‘ड्रग्स की रानी’ की तलाश? वांटेड राजू ईरानी से खुलेंगे राज, सूरत से भोपाल लाने की तैयारी
गहरे अवसाद में चला गया था युवक
परिजनों के अनुसार, इस घटना के बाद बिट्टू मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। युवक के चाचा सुभाष ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बिट्टू युवती की शर्त पर परिवार से अलग किराए के मकान में रह रहा था और उससे शादी करना चाहता था। इसके बावजूद युवती द्वारा साथ छोड़ दिए जाने से वह गहरे अवसाद में चला गया।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। युवक के परिजनों के लिखित बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले की जांच के दौरान संबंधित युवती से भी पूछताछ की जा सकती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
