भोपाल के परिवार न्यायालय में रिश्तों से जुड़ा एक असामान्य मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) बनी एक महिला ने अपने पति से तलाक की अर्जी दी है। महिला का कहना है कि पति के धोती-कुर्ता पहनने और सिर पर चोटी रखने के कारण उसे शर्मिंदगी महसूस होती है।

पति ने अपनी कमाई से पत्नी को कोचिंग कराई


जानकारी के अनुसार, शादी के समय महिला ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही थी, जबकि उसका पति पंडिताई का कार्य करता था। पति पहले से ही धोती-कुर्ता पहनता और सिर पर चोटी रखता था। विवाह के बाद कुछ समय तक दांपत्य जीवन सामान्य रहा। इसी दौरान महिला ने शासकीय नौकरी करने की इच्छा जताई, जिस पर पति ने अपनी कमाई से उसे कोचिंग कराई। कई वर्षों की मेहनत के बाद महिला का चयन मध्यप्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक के पद पर हो गया।

पदस्थापना के बाद महिला के व्यवहार में बदलाव


नौकरी मिलने और प्रशिक्षण के दौरान तक दंपती के संबंध सामान्य रहे, लेकिन मैदानी पदस्थापना के बाद महिला के व्यवहार में बदलाव आने लगा। करीब तीन माह पहले उसने पति से तलाक की मांग कर दी और भोपाल के परिवार न्यायालय में परिवाद दायर किया।

महिला का तर्क है कि वह एक अधिकारी है और जब उसका पति पारंपरिक वेशभूषा में उसके साथ चलता है तो उसे असहजता और शर्म महसूस होती है। वहीं पति का कहना है कि वह पंडिताई करता है और यह उसकी पहचान तथा पेशे से जुड़ी वेशभूषा है, जिसे वह नहीं बदल सकता।

ये भी पढ़ें- Indore News: दो साल पहले बेटा खोया, अब पिता की चाइनीज मांझे से मौत, एक छात्र भी गंभीर

महिला पति के साथ रहने को तैयार नहीं


परिवार न्यायालय में दोनों की कई चरणों में काउंसलिंग हो चुकी है, लेकिन महिला पति के साथ रहने को तैयार नहीं है। उसने स्पष्ट कहा है कि जब तक पति अपना हुलिया नहीं बदलता, साथ रहना संभव नहीं है। रिश्तेदारों और परिजनों द्वारा समझाने के बावजूद महिला अपने निर्णय पर अड़ी हुई है।

फिलहाल, अदालत ने दोनों पक्षों को एक और मौका देते हुए अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने और रिश्ते को बचाने के लिए समय दिया है।



 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *