भाटपचलाना थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पति पर नवविवाहिता पत्नी के साथ मारपीट कर उसे जबरन सल्फास की गोली खिलाने का आरोप है। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति समेत सास और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, घटना 2 जून 2026 की है। ग्राम बरथून निवासी नवविवाहिता प्रिया को जहर खाने के बाद परिजन नागदा के जनसेवा अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे उज्जैन के पाटीदार अस्पताल रेफर किया गया।

इलाज के दौरान तहसीलदार ने प्रिया के मरणासन्न कथन (डाइंग डिक्लेरेशन) दर्ज किए। प्रिया ने बयान में आरोप लगाया कि उसके पति बालकदास बैरागी ने मारपीट कर उसे जबरन सल्फास की गोली खिलाई थी। 5 जून को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पढ़ें:  किस मामले की वजह से रद्द हुई मीनाक्षी नटराजन की उम्मीदवारी, नियम क्या कहते हैं और आगे कौन से रास्ते

भाटपचलाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मायके पक्ष के बयानों में सामने आया कि शादी के बाद से ही पति बालकदास, सास राजूबाई और ससुर प्रहलाददास घरेलू बातों को लेकर प्रिया को प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि घटना वाले दिन भी पति ने मारपीट करने के बाद उसे जबरन जहर खिला दिया।

जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर भाटपचलाना थाने में धारा 103(1), 49, 115(2) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। एसडीओपी खाचरौद आकांक्षा बेछोटे के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने दबिश देकर घटना के करीब दो घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।



गिरफ्तार आरोपी


  1. बालकदास पिता प्रहलाददास, उम्र 28 वर्ष

  2. प्रहलाददास पिता जानकीदास, उम्र 54 वर्ष

  3. राजूबाई पति प्रहलाददास, उम्र 50 वर्ष

तीनों निवासी ग्राम बरथून को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी बालकदास के खिलाफ पहले भी पत्नी प्रिया से मारपीट का मामला दर्ज हो चुका है। महिला संबंधी अपराधों में पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *