मध्य प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। एक ओर कई जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी का दौर जारी है, तो दूसरी ओर तापमान भी बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला बना रहेगा। वहीं 9 और 10 जून को उत्तर मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है।
मानसून ने पकड़ी रफ्तार, जल्द दस्तक के संकेत
दक्षिण भारत में तेजी से आगे बढ़ रहा मानसून अब गोवा तक पहुंच चुका है और जल्द ही महाराष्ट्र में प्रवेश कर सकता है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यही गति बनी रही तो मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री सामान्य तिथि के आसपास या उससे पहले हो सकती है। प्रदेश में मानसून आमतौर पर 15 जून के आसपास दक्षिणी जिलों से प्रवेश करता है।
कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि
शनिवार को शाजापुर में तेज बारिश के साथ चने के आकार के ओले गिरे। नर्मदापुरम, सीहोर, सिवनी, खरगोन सहित कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर तेज हवाओं के कारण पेड़ और टीनशेड गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। नर्मदापुरम और सीहोर में हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
35 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार को भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, मंडला, बालाघाट, सिवनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा समेत करीब 35 जिलों में तेज हवा और बारिश की चेतावनी जारी की है। हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
यह भी पढ़ें-तीसरी सीट पर भाजपा का प्रत्याशी उतारने का फिलहाल कोई विचार नहीं; प्रदेशाध्यक्ष खंडेलवाल बोलें
बारिश के बावजूद कई शहरों में बढ़ा तापमान
मौसम में नमी बढ़ने के बावजूद प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी बनी हुई है। नौगांव सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा सागर, दतिया, खजुराहो, दमोह, गुना, खंडवा और खरगोन में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। पांच बड़े शहरों में भोपाल का तापमान 38.8 डिग्री, इंदौर का 37.4 डिग्री, उज्जैन का 38 डिग्री, जबलपुर का 40.1 डिग्री और ग्वालियर का 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें-क्रॉस वोटिंग रोकने पर मंथन, कमलनाथ बोले-यह हम सबकी प्रतिष्ठा का चुनाव
नौतपा में भी बदला रहा मौसम
राजधानी भोपाल में इस बार नौतपा के दौरान भी मौसम पूरी तरह गर्म नहीं रहा। बीच-बीच में बादल, बूंदाबांदी और बारिश का असर देखने को मिला। पिछले कई वर्षों के आंकड़े बताते हैं कि नौतपा के दौरान भी राजधानी में कई बार बारिश दर्ज की जा चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में आंधी, बारिश और गर्मी तीनों का असर देखने को मिलेगा, जबकि मानसून की संभावित दस्तक को लेकर भी नजरें मौसम के अगले बदलाव पर टिकी हैं।
