इंदौर शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में एक के बाद एक हुई दो चाकूबाजी की घटनाओं ने सनसनी फैला दी है। दोनों घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर उनसे पूछताछ की जा रही है।

पहली घटना द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के विदुर नगर स्थित 60 फीट रोड पर एक कैफे के बाहर हुई। बताया जा रहा है कि चार बदमाशों ने पहले एक युवक के दोस्त के साथ मारपीट की और जब युवक ने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान क्रिस श्रीवास्तव के रूप में हुई है।

पुलिस ने इस मामले में अंकित पाल, अनिकेत पाल, गौरव कला, शिवा उर्फ शिवम पाल समेत सात आरोपियों की पहचान की है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को हत्या का कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें- MP: चार साल बाद भी जीएनएम का रिजल्ट नहीं, संकट में नर्सिंग छात्रों का भविष्य; काउंसिल के बाहर किया प्रदर्शन

वहीं दूसरी घटना भी द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में ही सामने आई। यहां रहने वाले ऑटो चालक हरीश का अपने परिवार के सदस्यों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान परिवार के ही एक सदस्य ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हरीश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पत्नी शीतल ने आरोप लगाया है कि उसके देवर पिहू उर्फ काली और सास पुष्पा ने इस वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि परिवार में संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह घटना हुई। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की गहनता से जांच कर रही है। एक ही थाना क्षेत्र में एक ही दिन में दो हत्याओं की घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed