गड्ढे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों ने निर्माण गुणवत्ता और भ्रष्टाचार को लेकर जमकर नाराजगी जताई। …और पढ़ें

HighLights
- बिना बारिश ही खुली पोल
- 11 महीने बाद वही नजारा
- सवालों के घेरे में निर्माण
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। ग्वालियर की चर्चित चेतकपुरी-महल रोड एक बार फिर धंस गई है। लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से बनी इस सड़क पर सोमवार को अचानक करीब चार फीट गहरा सुरंगनुमा गड्ढा बन गया। सड़क के बीच बने इस खतरनाक गड्ढे को देखकर राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई। लोग दूरी बनाकर वाहन निकालते नजर आए।
अभी तो मानूसन भी नहीं आया
हैरानी की बात यह है कि अभी मानसून शुरू भी नहीं हुआ है। प्री-मानसून की हल्की बौछारें तक नहीं पड़ीं और सड़क की परतें जवाब देने लगीं। गड्ढे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों ने निर्माण गुणवत्ता और भ्रष्टाचार को लेकर जमकर नाराजगी जताई। कई लोगों ने इसे “भ्रष्टाचार की सुरंग” बताते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग उठाई है।
पिछले साल भी देशभर में चर्चा में आई थी यही सड़क
करीब 11 महीने पहले इसी सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया था। चेतकपुरी से सिटी सेंटर जाने वाले मार्ग पर लगभग 10 फीट गहरा सुरंगनुमा गड्ढा बन गया था, जिसने प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी थी। पहली ही बारिश में सड़क धंसने के बाद निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठे थे।
जांच में सामने आया था कि ठीक से काम्पैक्शन किए बिना ही डामर की परत बिछा दी गई थी। इसके अलावा ड्रेनेज की व्यवस्था न होने के कारण पानी बैठने से सड़क अंदर से खोखली हो गई थी। मामला इतना बढ़ा कि भोपाल से जांच दल को ग्वालियर आना पड़ा था और लापरवाही के आरोप में चार अधिकारियों को निलंबित भी किया गया था।
मानसून से पहले ही खुल गई पोल: अब एक बार फिर उसी सड़क पर गड्ढा बनने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि मानसून से पहले सड़क का यह हाल है, तो बारिश शुरू होने के बाद शहर में और कितनी सड़कें धंसेंगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। फिलहाल प्रशासन की ओर से गड्ढे को घेरने और मरम्मत की तैयारी की जा रही है, लेकिन सवाल वही है-क्या करोड़ों की सड़कें सिर्फ एक सीजन के लिए बन रही हैं?
