पथरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम इमलिया घोना में हाल ही में हुई ओलावृष्टि से मूंग की फसल को हुए नुकसान के बाद प्रदेश के मंत्री लखन पटेल किसानों का हाल जानने गांव पहुंचे। उन्होंने खेतों में पहुंचकर फसल क्षति का जायजा लिया और प्रभावित किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मंत्री ने किसानों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़ी है और फसल नुकसान का सर्वे कराकर नियमानुसार शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान किसानों ने ओलावृष्टि से बर्बाद हुई मूंग की फसल की स्थिति से मंत्री को अवगत कराया। खेतों में फसल को हुए नुकसान को देखकर मंत्री लखन पटेल ने अधिकारियों को तत्काल राहत संबंधी कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और उनकी आजीविका से जुड़ा यह विषय सरकार के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता का है।

ये भी पढ़ें-  Bhopal: राजधानी में लव जिहाद पीड़िता की संदिग्ध मौत में नया मोड़, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटों के निशान

मंत्री पटेल ने मौके पर मौजूद अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) निकेत चौरसिया को निर्देशित किया कि फसल क्षति का सर्वे कार्य तेजी से पूरा किया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को राहत राशि समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करे और यह सुनिश्चित करे कि कोई भी पात्र किसान सहायता से वंचित न रहे। एसडीएम निकेत चौरसिया ने बताया कि फसल नुकसान के आकलन के लिए सर्वे दलों का गठन कर दिया गया है। ये दल गांवों में पहुंचकर वास्तविक नुकसान का आकलन करेंगे और रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजेंगे। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत मुआवजा राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी।

ये भी पढ़ें- MP News: भाजपा विधायक ने सिंधिया समर्थक दो मंत्रियों पर साधा निशाना, प्रद्युम्न सिंह तोमर को बताया ‘नकारा’

इस अवसर पर मंत्री लखन पटेल ने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार हरसंभव सहायता प्रदान करेगी। किसी भी किसान को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सरकार उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मंत्री के दौरे से प्रभावित किसानों में राहत और भरोसे का माहौल देखने को मिला। किसानों ने उम्मीद जताई कि सर्वे प्रक्रिया शीघ्र पूरी होने के बाद उन्हें समय पर मुआवजा मिलेगा और वे आगामी फसल की तैयारी कर सकेंगे।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *