ज्येष्ठ अधिकमास कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा पर आज सोमवार सुबह भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल के दरबार मे हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। इस दौरान भक्तों ने देर रात से ही लाइन में लगकर अपने ईष्ट देव बाबा महाकाल के दर्शन किए। आज बाबा महाकाल भी भक्तों को दर्शन देने के लिए सुबह 4 बजे जागे। जिनका आलौकिक शृंगार कर भस्म रमाई गई। भक्तों ने इन दिव्य दर्शनों का लाभ लिया, जिससे पूरा मंदिर परिसर जय श्री महाकाल की गूंज से गुंजायमान हो गया।

श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर मे ज्येष्ठ अधिकमास कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा पर आज सोमवार सुबह 4 बजे भस्म आरती हुई। इस दौरान वीरभद्र जी से आज्ञा लेकर मंदिर के पट खुलते ही पण्डे-पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित सभी भगवान की प्रतिमाओं का पूजन-अर्चन किया। जिसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक दूध, दही, घी, शक्कर पंचामृत और फलों के रस से किया गया। पूजन के दौरान प्रथम घंटाल बजाकर हरि ओम का जल अर्पित किया गया। 

ये भी पढ़ें: फिर सुर्खियों में विधायक लोधी: अहिल्याबाई की जयंती पर पूर्व डकैत की तस्वीर पर चढ़ा दी माला, कांग्रेस ने घेरा

पुजारियों और पुरोहितों ने इस दौरान बाबा महाकाल का भव्य स्वरूप मे शृंगार कर कपूर आरती के बाद बाबा महाकाल को नवीन मुकुट धारण कराया, जिसके बाद महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल के शिवलिंग पर भस्म अर्पित की गई और फिर झांझ-मंजीरे, ढोल-नगाड़े और शंखनाद के साथ भस्मारती हुई। 

आज के शृंगार की विशेषता यह थी कि आज बाबा महाकाल का त्रिपुंड, त्रिशूल और भांग से शृंगार कर उन्हें भस्म अर्पित की गई इस दौरान शृंगार में भगवा ध्वज और ॐ भी नजर आया। भक्त भगवान के इस शृंगार के दर्शन कर भावविभोर हो गए। मान्यता है की भस्म अर्पित करने के बाद भगवान निराकार से साकार स्वरूप में दर्शन देते है।

यह है आरती का समय

  • भस्म आरती सुबह 4 से 6 बजे तक
  • दद्योदक आरती प्रात: 7 से 7:45 बजे तक
  • भोग आरती प्रात: 10 से 10:45 बजे तक
  • संध्या पूजन सायं 5 से 5:45 बजे तक
  • संध्या आरती सायं 7:00 से 7:45 बजे
  • शयन आरती रात्रि 10:30 से 11:00 बजे तक

महाकालेश्वर मंदिर मे आरतियों के समय में हुआ यह बदलाव आश्विन मास की पूर्णिमा (शरद पूर्णिमा) तक जारी रहेगा।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *