राजधानी भोपाल में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान पुराने शहर समेत संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात रहा। हाल ही में मुस्लिम युवक के साथ मारपीट और चेहरे पर स्याही पोतने की घटना के बाद प्रशासन हाई अलर्ट पर था। हालांकि धर्मगुरुओं और मुस्लिम नेताओं की अपील के बाद नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

सुबह से अलर्ट मोड पर रहा प्रशासन

जुमे की नमाज को देखते हुए पुलिस और प्रशासन सुबह से ही सतर्क नजर आया। पुराने भोपाल के इतवारा, पीरगेट, बुधवारा, शाहजहांनाबाद और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। ताजुल मसाजिद, मोती मस्जिद, जामा मस्जिद और कुलसुम बिया मस्जिद के बाहर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। दोपहर के समय नमाज के दौरान पुलिस अधिकारी लगातार फील्ड में मौजूद रहे। कई इलाकों में पैदल गश्त की गई, जबकि संवेदनशील पॉइंट्स पर पुलिस जवानों की तैनाती बढ़ाई गई। पुलिस द्वारा ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी निगरानी रखी गई।

क्या है पूरा मामला

चार दिन पहले भोपाल के एक होटल में युवक-युवती के मिलने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि हिंदू संगठनों से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम युवक के साथ मारपीट की और उसके चेहरे पर स्याही पोत दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। वीडियो सामने आने के बाद मुस्लिम समाज में नाराजगी बढ़ गई थी। मंगलवार देर रात बड़ी संख्या में लोग पुराने भोपाल की सड़कों पर उतर आए थे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया था। कई इलाकों में भारी भीड़ जमा होने से तनाव की स्थिति बन गई थी।

एआईएमआईएम ने दी थी प्रदर्शन की चेतावनी

मामले को लेकर एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी थी कि यदि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो शुक्रवार को बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई तेज की। पुलिस अब तक इस मामले में 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें-भोपाल-रानी कमलापति होकर चलेंगी 3 समर स्पेशल ट्रेनें, दिल्ली और फरीदाबाद के यात्रियों को राहत

धर्मगुरुओं और मुस्लिम नेताओं ने की शांति की अपील

जुमे की नमाज से पहले भोपाल के शहर काजी मुश्ताक अली नदवी समेत कई धर्मगुरुओं और मुस्लिम नेताओं ने वीडियो संदेश जारी कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी उकसावे में न आएं और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। धर्मगुरुओं की अपील का असर भी शहर में देखने को मिला। नमाज के बाद लोग शांतिपूर्वक अपने घरों को लौट गए और कहीं भी प्रदर्शन या हंगामे जैसी स्थिति नहीं बनी।

यह भी पढ़ें-कमाई का नया मॉडल भी ठंडा, प्री-वेडिंग शूट की अनुमति के 10 दिन बाद भी बुकिंग नहीं

पुलिस कमिश्नर बोले- अफवाहों से बचें

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए थे। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भड़काऊ संदेशों से दूर रहने की अपील की।

उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *