भोपाल के कटरा हिल्स थाना क्षेत्र में 31 वर्षीय नवविवाहिता ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने पति और सास के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। नोएडा निवासी ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में शादी डॉट कॉम के जरिए भोपाल निवासी रिटायर्ड जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरीवाला सिंह के अधिवक्ता बेटे समर्थ सिंह के साथ हुई थी। दो दिन पहले ट्विशा शर्मा ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

आत्महत्या से पहले ट्विशा शर्मा ने अपने मेजर भाई हर्षित शर्मा और अन्य परिजनों को फोन कर बताया था कि समर्थ सिंह लगातार आठ दिनों से उसे प्रताड़ित कर रहा है, जिससे उसका जीना मुश्किल हो गया है। परिजनों ने उसे नोएडा आने के लिए कहा था। बताया जाता है कि ट्विशा शर्मा ने नोएडा जाने के लिए टिकट भी बुक करा लिया था, लेकिन देर रात गिरीवाला सिंह ने परिजनों को फोन कर बताया कि ट्विशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

सनसनीखेज आरोप लगाए


इसके बाद बुधवार सुबह भोपाल पहुंचे परिजनों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने के सनसनीखेज आरोप लगाए। पोस्टमार्टम के बाद मायके पक्ष ने शव लेने से इनकार कर दिया और ससुराल पक्ष को भी शव नहीं सौंपने दिया।

ये भी पढ़ें- भोजशाला का इतिहास क्या है: मंदिर कब बना मस्जिद? जानें कैसे इस विवाद ने बदल दी मध्य प्रदेश की सियासी दिशा

परिजन कटरा हिल्स थाने पहुंचे और जमकर हंगामा किया


दो दिनों से ट्विशा का शव एम्स की मॉर्चुरी में रखा है। गुरुवार को ट्विशा के भाई मेजर हर्षित शर्मा और अन्य परिजनों ने पुलिस आयुक्त संजय कुमार से मुलाकात कर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। इसके बाद परिजन कटरा हिल्स थाने पहुंचे और जमकर हंगामा किया। परिजन इस बात पर अड़े थे कि जब तक ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरीवाला सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज नहीं किया जाता, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

आरोप-प्रत्यारोप के बीच शुक्रवार को कटरा हिल्स थाना पुलिस ने रिटायर्ड जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरीवाला सिंह और उनके अधिवक्ता बेटे समर्थ सिंह के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *