पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि जयवीर आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। उसके एक दोस्त ने बताया कि दो दिन पहले उसने उससे 10 हजार रुपए उधार मांगे …और पढ़ें

Publish Date: Thu, 11 Jun 2026 01:45:14 PM (IST)Updated Date: Thu, 11 Jun 2026 01:45:47 PM (IST)

ग्वालियर: 'मेरी मौत का कोई जिम्मेदार नहीं', सुसाइड नोट लिख युवक ने लगाई फांसी; पारिवारिक विवाद और आर्थिक तंगी बनी वजह
एआई से बना चित्र।

HighLights

  1. पत्नी से तलाक और कोर्ट केस से था तनाव
  2. सुसाइड नोट में लिखा- आई लव यू मम्मी-पापा
  3. दोस्त से मांगे थे उधार, आर्थिक तंगी की भी जांच

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के सागरताल पीएम आवास में रहने वाले 38 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उसने एक सुसाइड नोट लिखा, जिसमें अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराने की बात कही। बुधवार सुबह उसका दोस्त घर पहुंचा तो दरवाजा खुला मिला। अंदर जाने पर युवक का शव गमछे के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मानसिक तनाव था जयवीर

मृतक की पहचान जयवीर भदौरिया (38) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार जयवीर का पत्नी रेनू से तलाक हो चुका था और वह अपने मायके में रह रही थी। उनके दो बच्चे हैं। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था तथा भरण-पोषण का मामला न्यायालय में विचाराधीन था। बताया जा रहा है कि इसी वजह से जयवीर काफी समय से मानसिक तनाव में था।

पुलिस को मौके से मिले सुसाइड नोट में जयवीर ने लिखा कि वह अपनी इच्छा से यह कदम उठा रहा है और उसकी मौत के मामले में किसी को परेशान न किया जाए। उसने कोर्ट से भी अनुरोध किया कि इस मामले में किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई न की जाए। नोट में यह भी लिखा गया है कि उसका शव माता-पिता को न सौंपा जाए। हालांकि अंत में उसने “आई लव यू मम्मी-पापा” लिखकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उसने अपनी मां और पत्नी के मोबाइल नंबर भी नोट में दर्ज किए हैं।

आत्महत्या करने से दो दिन पहले दोस्त से लिए रुपये उधार

पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि जयवीर आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। उसके एक दोस्त ने बताया कि दो दिन पहले उसने उससे 10 हजार रुपए उधार मांगे थे। दोस्त ने अपने पास उपलब्ध 5 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे। पुलिस को इस लेन-देन की जानकारी भी दी गई है। ऐसे में पारिवारिक विवाद के साथ आर्थिक तंगी को भी घटना की एक वजह माना जा रहा है।

बताया जाता है कि मंगलवार रात जयवीर ने घर के भीतर गमछे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह उसका मित्र जोगेंद्र किसी काम से उसके घर पहुंचा था। दरवाजा खुला होने पर उसे संदेह हुआ और अंदर जाकर देखने पर जयवीर फंदे पर लटका मिला। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

हैंडराइटिंग की पड़ताल

बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक सिंह परिहार के अनुसार मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग की जांच कराने के साथ-साथ मृतक की आर्थिक स्थिति, पारिवारिक विवाद और हाल की गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *