राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन इलाके में रहने वाली एक छात्रा ने हाथ की नस काटकर आत्महत्या कर ली। घटना उस समय हुई, जब उसकी मां घर से बाहर गई हुई थीं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
अशोका गार्डन थाना पुलिस के अनुसार ग्रीन पार्क कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय ख्याति जैन बीए की छात्रा थी। करीब 10 साल पहले उसके माता-पिता का तलाक हो चुका था और वह अपनी मां के साथ रहती थी। मंगलवार को उसकी मां किसी काम से बाहर गई थीं। इसी दौरान ख्याति ने ब्लेड से हाथ की नस काट ली। अधिक खून बहने से उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। कमरे की तलाशी में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयान अभी दर्ज नहीं हो सके हैं, इसलिए आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
पढ़ें: कांग्रेस IT सेल कार्यकर्ताओं की हिरासत प्रथम दृष्टया अवैध, भोपाल पुलिस कमिश्नर को जांच के आदेश
इधर, खजूरी सड़क थाना क्षेत्र के भैंसाखेड़ी निवासी 23 वर्षीय राकेश मेहरा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह एक अस्पताल में अटेंडर के पद पर कार्यरत था। पुलिस के मुताबिक राकेश ने अपने घर में फंदा लगाकर जान दी। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में मामला व्यक्तिगत कारणों से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों घटनाओं का आपस में कोई संबंध सामने नहीं आया है। दोनों मामलों की अलग-अलग पहलुओं से जांच की जा रही है।
