इंदौर में अब गर्मी के तीखे तेवर लोगों को परेशान कर रहे हैं। तेज धूप और गर्म हवाएं दिन में लोगों को घर से निकलने से रोक रही हैं। नौकरी और कामकाज के सिलसिले में जो लोग सड़कों पर निकल भी रहे हैं, वे पूरे इंतजाम के साथ गर्मी से बचाव करते नजर आ रहे हैं।

इंदौर में रविवार को पारा 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन अब अगले सात दिनों तक भी शहरवासियों को गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। पूरे सप्ताह तापमान 41 से 43 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। पिछले साल मई में बेमौसम बारिश ने इंदौर में गर्मी की तपन कम कर दी थी, लेकिन इस बार गर्मी का प्रचंड रूप देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक आसमान साफ रहेगा और तापमान 42 डिग्री के आसपास बना रह सकता है। रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहेगा।

इंदौर में इस सीजन में दूसरी बार पारा 43 डिग्री के पार पहुंचा है। भीषण गर्मी के कारण घरों में पंखे और कूलर लगातार चल रहे हैं। बिजली की खपत बढ़ने से कई इलाकों में जंपर उड़ रहे हैं और ट्रांसफॉर्मर भी जवाब दे रहे हैं। बढ़ते तापमान के बीच बिजली गुल होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। शहर में तीखी धूप के साथ चल रही गर्म हवाएं लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर रही हैं।

लोग दिन में केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। अगले चार दिनों तक शहर में लू चलने की संभावना भी जताई गई है। 25 मई से नौतपा शुरू होगा, लेकिन उससे पहले ही शहरवासियों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले चार दिनों से शहर का तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *