मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज इन दिनों पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। एक ओर कई जिलों में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, वहीं दूसरी ओर कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। इस बदलाव ने गर्मी को और ज्यादा असहज बना दिया है, क्योंकि तापमान के साथ नमी बढ़ने से उमस भी लोगों को परेशान कर रही है। दिन में तेज धूप और शाम को चिपचिपी गर्मी ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है।

मालवा-निमाड़ में तेज गर्मी, कई शहर 40 डिग्री पार

पश्चिमी मध्यप्रदेश के मालवा-निमाड़ क्षेत्र में गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखा गया। बुधवार को खरगोन में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री, खंडवा में 40.1 डिग्री और रतलाम में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन शहरों में दोपहर के समय हालात लू जैसे बने रहे और सड़कों पर आवाजाही भी कम नजर आई। राजधानी भोपाल, इंदौर और उज्जैन जैसे बड़े शहरों में भी पारा 38 से 39 डिग्री के बीच रहा। हालांकि तापमान सामान्य से थोड़ा कम बताया जा रहा है, लेकिन तेज धूप और नमी के कारण गर्मी का असर अधिक महसूस हुआ।

पूर्वी मध्यप्रदेश में भी गर्मी का असर तेज

पूर्वी हिस्से में भी गर्मी ने जोर पकड़ा है। नरसिंहपुर में सबसे ज्यादा 42.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा जबलपुर, सागर, छिंदवाड़ा, दमोह जैसे जिलों में तापमान 35 से 38 डिग्री के बीच बना रहा। कुछ जगहों पर हल्के बादल छाने और हवा चलने से तापमान में मामूली राहत जरूर मिली, लेकिन कुल मिलाकर गर्मी का प्रभाव बना हुआ है।

24 घंटे में कहां कितनी बारिश

मंडला में 2.0 मिमी बारिश

सीधी में 1.6 मिमी

उमरिया में 1.2 मिमी

मालांजखंड में 1.2 मिमी

नर्मदापुरम में 0.6 मिमी

नमी बढ़ने से उमस ने बढ़ाई परेशानी

शाम के समय कई जिलों में नमी का स्तर 30% से 50% के बीच पहुंच गया। पचमढ़ी जैसे क्षेत्रों में नमी और अधिक दर्ज की गई। इस वजह से रात के समय भी राहत कम मिल रही है और लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार कई शहरों में तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री तक कम है, लेकिन हवा में नमी और तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी ज्यादा महसूस हो रही है।

आगे भी जारी रहेगा असर

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, प्रदेश में फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं। एक चक्रवाती परिसंचरण राज्य के मध्य हिस्से में सक्रिय है, जबकि दूसरा ऊपरी हिस्से में बना हुआ है। इसके साथ पूर्वी भाग से गुजर रही ट्रफ लाइन भी मौसम को प्रभावित कर रही है।

यह भी पढ़ें- 8वीं पास हेलफर को बना दिया था पायलट,बाद में दिलवाई सर्टिफिकेट,बाकी जगह नेवी के रिटायर्ड अफसर

10 मई से फिर नया सिस्टम

मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 मई के आसपास एक और नया सिस्टम सक्रिय हो सकता है, जिससे आंधी-बारिश का दौर आगे भी जारी रहेगा। फिलहाल अगले चार दिनों तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *