नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। विश्व के सबसे बड़े प्रशासनिक कार्यों में शामिल भारत की जनगणना की तैयारियां ग्वालियर जिले में भी पूर्ण हो गई हैं। ग्वालियर में भी जनगणना कार्य निदेशालय द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत एक मई से प्रथम चरण की जनगणना का काम शुरू होगा।

कलेक्टर ने दिए निर्देश

प्रथम चरण में एक से 30 मई तक मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य किया जाएगा। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रुचिका चौहान ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर जनगणना के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रतिदिन कम से कम दस मिनट करें गूगल मीट

कलेक्टर ने कहा कि देश में पहली बार डिजिटल रूप से जनगणना होने जा रही है। इसलिए जनगणना के लिए तैनात किए गए प्रगणकों की सभी संख्याओं का समाधान करें, जिससे वे सही-सही जानकारी आनलाइन पोर्टल पर भर सकें। उन्होंने कहा कि सभी चार्ज अधिकारी अपने-अपने प्रगणक व सुपरवाइजर के सतत संपर्क में रहें और प्रतिदिन कम से कम 10 मिनट गूगल मीट के जरिये उनसे संवाद कर शंकाओं का समाधान करें। साथ ही दिशा-निर्देशों की जानकारी दें।

पहली बार स्व-गणना को मिला है अवसर

उन्होंने कहा कि एचएलबीसी पोर्टल पर किसी भी प्रकार की ओवरलेपिंग नहीं होना चाहिए तथा सभी प्रविष्टियां पूर्ण एवं सटीक भरी जाएं। एचएलबीसी पोर्टल पर दर्शायी गई सीमाओं में विसंगति होने पर वास्तविक भौगोलिक सीमाओं के आधार पर एचएलबी (हाउसलिस्टिंग ब्लाक) का निर्धारण किया जाए।

साथ ही देश में पहली बार स्व-गणना का अवसर भी लोगों को दिया गया है। जिसके तहत कोई भी व्यक्ति एसई वेब पोर्टल के माध्यम से निर्धारित प्रपत्र में जनगणना संबंधी 34 बिंदुओं में अपनी जानकारी स्वयं भर सकेंगे।

बाल भवन में हुई बैठक

जनगणना की तैयारियों के सिलसिले में मंगलवार को कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रुचिका चौहान की अध्यक्षता में बाल भवन में जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक हुई। साथ ही जनगणना कार्य में संलग्न किए गए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के समस्त चार्ज व सहचार्ज अधिकारियों (तहसीलदार व नायब तहसीलदार इत्यादि) को प्रशिक्षित किया गया।

गमछा, पानी व ओआरएस साथ लेकर जाएं प्रगणक

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि पूरी गंभीरता व मुस्तैदी के साथ इस संवैधानिक दायित्व का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखकर प्रगणक गमछा, पानी व ओआरएस इत्यादि साथ में लेकर जाएं। जनगणना संबंधी जानकारी स्मार्ट फोन के जरिये अपलोड करने में प्रगणकगण, वालेन्टियर्स या अपने परिजन की मदद ले सकते हैं।

प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना

कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रुचिका चौहान ने बताया कि भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत ग्वालियर जिले में भी दो चरणों में जनगणना होगी। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (एचएलओ) कार्य मध्य प्रदेश में एक मई से 30 मई 2026 तक किया जाएगा। इस चरण का उद्देश्य द्वितीय चरण अर्थात जनसंख्या गणना के लिए मास्टर फ्रेम तैयार करना

बेझिझक सही-सही जानकारी दें

जनगणना के द्वितीय चरण का काम फरवरी 2027 में होगा। देश के बर्फीले क्षेत्रों में सितंबर 2026 में द्वितीय चरण की गणना होगी। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रुचिका चौहान ने जिलेवासियों से भी अपील की कि जनगणना के लिए आने वाले प्रगणकों को बेझिझक सही-सही जानकारी दें।

जनगणना के प्रथम चरण में 34 बिंदुओं की जानकारी होगी संकलित

जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का काम किया जाएगा। जिसमें 34 बिंदुओं में जानकारी संकलित होगी। इसमें भवन व मकान नम्बर सहित मकान की स्थिति, परिवार क्रमांक, परिवार के मुखिया का नाम, लिंग, मकान किराये का है।

जानकारी में पेयजल के मुख्य स्रोत भी

इसके साथ ही स्वयं का, कमरों की संख्या, परिवार के विवाहित दंपतियों की संख्या, पेयजल के मुख्य स्रोत, पेयजल स्रोतों की उपलब्धता, प्रकाश का मुख्य स्रोत, शौचालय की सुगमता, शौचालय का प्रकार, गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था, परिसर के अंदर स्नान की सुविधा, रसोई घर व एलपीजी-पीएनजी कनेक्शन, खाना पकाने के लिए प्रयुक्त मुख्य ईंधन, रेडियो/ट्रांजिस्टर व टेलीविजन की उपलब्धता।

इंटरनेट सुविधा, लेपटाप-कम्प्यूटर की उपलब्धता, टेलीफोन, मोबाइल फोन व स्मार्ट फोन इत्यादि की उपलब्धता, साइकिल, स्कूटर, मोटरसाइकिल, मोपेड, कार, जीप व वैन, परिवार द्वारा उपयोग में लाए जाने वाले अनाज, मसलन चावल, गेहूं, ज्वार, बाजरा, मक्का व अन्य खाद्यान्न एवं मोबाइल फोन इत्यादि जानकारी शामिल है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *