बताया जा रहा है कि बुधवार की देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर फिर से कहासुनी शुरू हो गई। …और पढ़ें

HighLights
- ग्वालियर का मामला, बाइक से पेट्रोल निकाल महिला को लगाई आग
- सगा देवर नहीं, बल्कि भाभी कहने वाले पड़ोसी ने रची साजिश
- पुलिस ने आरोपी रज्जू को पकड़ा, एफआईआर की दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, भितरवार/ग्वालियर। थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पुराने विवाद को लेकर हुए झगड़े में रिश्ते में लगने वाले देवर ने भाभी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाह के नेतृत्व में गई पुलिस की टीम के द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
डॉक्टरों के मुताबिक, लक्ष्मी 40% तक झुलसी
थाना क्षेत्र के ग्राम बांसोड़ी में रहने वाली लक्ष्मी बाथम का पड़ोस में रहने वाले देवर रज्जू बाथम से काफी समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि बुधवार की देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर फिर से कहासुनी शुरू हो गई। आरोपी ने गुस्से में आकर अपनी बाइक से पेट्रोल निकाल कर भाभी पर उड़ेल दिया और माचिस जलाकर आग लगा दी। आग लगते ही महिला चीखने-चिल्लाने लगी।
उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर महिला की जान बचाई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। महिला को गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर के जया आरोग्य अस्पताल रेफर कर दिया गया। डाक्टरों के मुताबिक लक्ष्मी बाथम करीब 30 से 40 प्रतिशत तक झुलस गई हैं।
आरोपी महिला का सगा देवर नहीं है
सूचना मिलते ही भितरवार थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी रज्जू बाथम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला का सगा देवर नहीं है, बल्कि पड़ोस में रहने के कारण वह महिला को भाभी कहकर बुलाता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
महिला और आरोपित के बीच था पुराना विवाद
महिला और आरोपित के बीच पुराना विवाद था। विवाद के दौरान आरोपी ने महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। महिला का इलाज जारी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। – जितेंद्र नागइच, एसडीओपी भितरवार
