पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI) की भोपाल इकाई ने राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस-2026 के अवसर पर शनिवार को जेके अस्पताल के सीएमई हॉल में सम्मान समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में पत्रकारिता और जनसंपर्क क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई लोगों को सम्मानित किया गया। इस दौरान जनसंपर्क विभाग के उप संचालक सुनील वर्मा को उनके उत्कृष्ट कार्यों और नवाचारों के लिए ‘लोक संपर्क सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
ये भी पढ़ें- MP News: मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का असर, भोपाल में नर्सरी से आठवीं तक के स्कूल 30 अप्रैल तक बंद
सुनील वर्मा ने अपने कार्यों के जरिए जनसंपर्क के क्षेत्र में अलग पहचान बनाई है। उनकी सरल कार्यशैली और व्यवहार के कारण वे विभाग के साथ आम लोगों के बीच भी लोकप्रिय हैं। वे जनसंपर्क को सिर्फ सूचना पहुंचाने का माध्यम नहीं, बल्कि लोगों से संवेदनशील जुड़ाव बनाने का जरिया मानते हैं। विभागीय स्तर पर संवाद को मजबूत बनाने, सूचनाओं को प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने और शासन व जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है। इसी योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया गया।
ये भी पढ़ें- MP News: लोधी सम्मेलन में साथ दिखेंगे उमा भारती और प्रहलाद पटेल, शौर्य यात्रा से सियासी संदेश की तैयारी
कार्यक्रम में जनसंपर्क विभाग की सहायक संचालक निहारिका मीणा और हिमांशी बजाज को भी सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक गिरिजा शंकर, साहित्यकार उर्मिला शिरीष और एलएनसीटी यूनिवर्सिटी के कुलगुरु डॉ. नरेंद्र कुमार थापक ने सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान जनसंपर्क और पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, डिजिटल प्लेटफॉर्म की बढ़ती भूमिका और समाज के साथ प्रभावी संवाद जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। यह आयोजन सम्मान के साथ-साथ नए विचारों और अनुभवों को साझा करने का मंच भी बना।
