नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से नीट की री-परीक्षा ग्वालियर के 25 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हुई। सुबह 11 बजे से ही छात्र-छात्राओं ने प्रवेश करना शुरू कर दिया। इस बार उन्हें फोर लेयर चेकिंग से होकर गुजरना पड़ा। विद्यार्थी हाफ टीशर्ट, ट्राउजर और स्लीपर में सेंटर पहुंचे। जिन छात्राओं ने बालों में क्लचर, चिमटी लगाई थी, हटवाई गई। अंगूठी उतराकर उनके अभिभावक को दी गई। पेन, पेंसिल ले जाने की अनुमति नहीं दी गई।
मोतियों की ब्रेसलेट भी उतरवाए
वहीं जो छात्र हाथ में कलावा या मोतियों की ब्रेसलेट पहनकर आए, उतरा लिए गए। डाक्युमेंट वेरिफिकेशन और बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने के बाद परीक्षा कक्ष तक जाने दिया गया। उल्लेखनीय है कि यह परीक्षा मेडिकल कालेज में प्रवेश के लिए कराई जा रही है। इस बार 10,543 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराए हैं।
सेंटर के गेट खुलने का इंतजार करते छात्र। नईदुनिया
दोपहर 1.30 बजे के बाद नहीं मिला प्रवेश
परीक्षा केंद्रों पर कई छात्र परीक्षा समय खत्म होने के बाद पहुंचे, जिन्हें प्रवेश दिया गया। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को अपनी परेशान भी बताई, लेकिन एनटीए की गाइडलाइन का पूरा पालन किया गया। दोपहर के 1.30 बजते ही प्रवेश बंद कर दिया गया। विद्यार्थियों का प्रवेश सुबह 11 बजे से शुरू कर दिया गया था। गाइडलाइन के अनुसार सुबह 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक ही प्रवेश दिया जाना था।
गर्मी को देखते हुए ठंडे पेय पदार्थ भी रखे गये। नईदुनिया
हर सेंटर पर हुई वीडियोग्राफी
शहर के सभी सेंटर पर संस्थान प्रबंधन ने वीडियोग्राफी कराई। इस दौरान किसी के लिए भी मोबाइल एलाऊ नहीं थे। सेंटर के अंदर ही जूस, छाछ, पानी की व्यवस्था की गई। इस बार छात्रों को परीक्षा के लिए 15 मिनट का अधिक समय दिया गया है, जिस पर उन्होंने खुशी व्यक्त की, लेकिन दोबारा परीक्षा देने पर निराश नजर आए। अभिभावकों ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। यह परीक्षा दोपहर दो बजे शुरू होकर शाम 5.15 बजे समाप्त होगी।
हर सेंटर पर पुलिस की चौकसी कड़ी रही
सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस की चौकसी कड़ी रही। सेंटर में एक एसआइ सहित हलवलदार ड्यूटी पर रहे। एसआइ उमाशंकर सिंह तोमर ने बताया कि हमारी ड्यूटी सुबह 8.30 बजे से लगा दी गई थी। एग्जाम शुरू होने के पहले रोड पर गाड़ियां खड़े होने के चलते जाम की स्थितियां भी बनी, जिन्हें पुलिस ने ही हटवाया।
