युवती ने पुलिस को बताया- 21 मई से 10 जून के बीच उसे एक मोबाइल नंबर से लगातार कॉल किए गए। …और पढ़ें

Publish Date: Thu, 11 Jun 2026 02:46:13 PM (IST)Updated Date: Thu, 11 Jun 2026 02:46:43 PM (IST)

युवती की AI से बनाई फर्जी न्यूड फोटो कीं वायरल, बदनामी की धमकी देकर मांगी 1 लाख की फिरौती; थाटीपुर में केस दर्ज
प्रतीकात्मक चित्र

HighLights

  1. 20 दिनों तक लगातार आते रहे ब्लैकमेलिंग कॉल्स
  2. थाटीपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त जांच शुरू
  3. ब्लैकमेलर के आगे न झुकें, तुरंत करें शिकायत

नईदुनिया प्रतिनिधि ,ग्वालियर। शहर के थाटीपुर क्षेत्र में साइबर ब्लैकमेलिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है। 24 वर्षीय युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का उपयोग कर उसकी नकली न्यूड तस्वीरें तैयार कीं और उन्हें सोशल मीडिया व व्हाट्सएप पर प्रसारित कर दिया।

युवती को व्हाट्सएप पर तस्वीरें भेजीं

पीड़िता के अनुसार, 21 मई से 10 जून के बीच उसे एक मोबाइल नंबर से लगातार कॉल किए गए। कॉल करने वाले व्यक्ति ने दावा किया कि उसके पास युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें हैं। बाद में उसने व्हाट्सएप पर कुछ तस्वीरें भेजीं, जिन्हें देखकर युवती और उसका परिवार हैरान रह गया। युवती का कहना है कि तस्वीरें पूरी तरह फर्जी हैं और उन्हें एआई तकनीक के जरिए तैयार किया गया है।

एक लाख रुपए की मांग की

आरोपी ने तस्वीरों को और अधिक लोगों तक भेजने तथा बदनामी करने की धमकी देते हुए एक लाख रुपए की मांग की। घटना के बाद युवती और उसका परिवार मानसिक रूप से परेशान है। पीड़िता का कहना है कि उसने कभी इस तरह की कोई तस्वीर नहीं खिंचवाई और किसी ने तकनीक का गलत इस्तेमाल कर उसकी छवि धूमिल करने की कोशिश की है।

पुलिस पड़ताल में जुटी

शिकायत मिलने के बाद थाटीपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस संबंधित मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप गतिविधियों की पड़ताल कर रही है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से यह भी पता लगाया जा रहा है कि तस्वीरें किस प्लेटफॉर्म या तकनीक के माध्यम से तैयार की गईं और उन्हें किन-किन लोगों तक भेजा गया।

एआई के दुरुपयोग की बढ़ रही हैं घटनाएं

साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि एआई तकनीक के दुरुपयोग से फर्जी फोटो और वीडियो बनाकर लोगों को ब्लैकमेल करने की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे मामलों में घबराने के बजाय तुरंत पुलिस और साइबर सेल को सूचना देना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की ब्लैकमेलिंग के आगे झुककर पैसे नहीं देने चाहिए। पुलिस आरोपी की पहचान के प्रयास में जुटी है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर उसके खिलाफ आईटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *